न्यूज़लिंक हिंदी। रामादेवी चौराहा स्थित शराब ठेके में सुबह एसटीएफ का एक विवादित सिपाही धमकाकर अंदर घुसा, दुकान का वीडियो बनाने लगा और गल्ले से लूट का प्रयास किया।
पड़ोसी प्रापर्टी डीलर के पहुंचने व विरोध करने पर उस पर पिस्टल भी तान दी। शोर मचाने व वीडियो बनते ही आरोपित वहां से चला गया। पीड़ित ने चकेरी थाने में तहरीर दी है।
गांधीग्राम निवासी प्रापर्टी डीलर दीपक यादव ने बताया कि वह कानपुर देहात में अकबर से बीडीसी हैं और भाजपा से भी जुड़े हैं। उनकी नानी की रामादेवी चौराहे के पास एक मार्केट है, जिसमें उन्होंने प्रापर्टी डीलर का कार्यालय भी बनाया हुआ है।
बगल में मनोज पांडेय का देशी शराब ठेका है। आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे एसटीएफ में तैनात एक विवादित सिपाही व एक अन्य व्यक्ति पहुंचे और दुकान खोलने का दबाव बनाने लगा।
सेल्समैन के विरोध पर दोनों खुद को मीटर रीडर बता धमकी देकर अंदर घुस गए और दुकान का वीडियो मोबाइल से बनाने लगे। इसी बीच वह भी आ गए। उन्होंने विरोध किया तो उन पर पिस्टल तानकर बोला कि आज तुझको घाट पर पहुंचाकर रहूंगा।
जब मैंने साथियों से वीडियो बनाने की बात कही और लोगों ने जैसे ही वीडियो बनाने लगे तो दोनों धमकी देकर चले गए। मार्केट के बाहर पांच-छह अन्य लोग भी खड़े दिखे, जो उन दोनों के साथ ही लौटे थे। पीड़ित ने चकेरी थाने में मुख्य तहरीर दी है। चकेरी थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि दोनों के बीच पुराना विवाद है।