न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर । नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के अधिकारों को सुरक्षित करेगा। आधी आबादी का सशक्तिकरण किए बगैर समाज कभी सशक्त नहीं हो सकता। यदि समाज सशक्त नहीं होगा तो आत्मनिर्भर भी नहीं हो सकता। यह बात रविवार को महिला मोर्चा दक्षिण के महाराजपुर और छावनी विधानसभा में हुए नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कही। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
नारी शक्ति महिला सम्मेलन का विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने शुभारंभ किया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि सतीश महाना और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह को पटका एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया।
सतीश महाना ने उपस्थित महिलाओं को मोदी सरकार की उपलब्धियां के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाकर ही हम सशक्त राज्य के निर्माण की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। जब हम आधी आबादी को आगे बढाने का काम करेंगे तभी समाज अपने पैरों पर खड़ा होकर तेजी से दौड़ता नजर आएगा।
ये भी पढ़ें : Lucknow : बीजेपी पूर्व सांसद बेटे के इलाज की लगाते रहे गुहार, डॉक्टरों ने मरीज को हाथ तक नहीं लगाया
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि महिलाओं को तैंतीस फीसदी मिलने वाले आरक्षण की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को राजनैतिक क्षेत्र में भी आगे आकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। संगठन में प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल में पदाधिकारी बन कर पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाएं और पार्टी की मजबूती के लिए अपनी पूरी समर्थ के साथ काम करें।
महिला मोर्चा की दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को तैंतीस फीसदी आरक्षण देकर आगे बढ़ने का मौका दिया है। उन्होंने महिलाओं को आरक्षण देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। आज देश में माताएं, बहन, बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर हिस्सा ले कर अपनी समर्थ का लोहा मनवा रही हैं। इस दौरान प्रबोध मिश्रा,पुष्पा तिवारी, वंदना गुप्ता, ऊषा किरण सिंह, आशा तोमर, स्नेह लता, मनीषा मिश्रा, मनीष त्रिपाठी आदि रहे।

