Kanpur: दक्षिण और ग्रामीण जिले को मिले नये मंडल अध्यक्ष, सामान्य वर्ग के साथ ही पिछड़ा, दलित और आधी आबादी को मौका

भाजपा ने सोमवार को दक्षिण और ग्रामीण जिले के नये मंडल अध्यक्षों व जिला प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी।

0
40
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पटका पहनाकर दी शुभकामनाएं

भाजपा ने सोमवार को दक्षिण और ग्रामीण जिले के नये मंडल अध्यक्षों व जिला प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी। दक्षिण जिले के 13 में 10 मंडल अध्यक्ष बदल दिये गये वहीं, दो को दोबारा मौका दिया गया है। दक्षिण के श्याम नगर मंडल की घोषणा नहीं हुई। इसी तरह ग्रामीण जिले में 16 मंडलों में से 9 मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई। दोनों ही जिलों में सामान्य वर्ग के साथ ही पिछड़ा, दलित और आधी आबादी को मौका दिया गया। दक्षिण में 5 ब्राह्मण, 2 क्षत्रिय, 2 दलित और 3 पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं को मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर जिले के लिये देर रात तक लोग उम्मीद लगाए रहे लेकिन सूची जारी नहीं हुई।

प्रदेश चुनाव अधिकारी महेंद्र नाथ पांडेय, जिला चुनाव अधिकारी कांता कर्दम की संस्तुति और जनप्रतिनिधियों से विचार विमर्श के बाद भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने सोमवार को भाजपा मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की। यहां किदवई नगर विधानसभा में जूही मंडल में दीपू पासवान, निराला नगर में विनीत दुबे, किदवई नगर में दीपांकर मिश्रा और बर्रा में आनंद सिंह परिहार को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया। छावनी विधानसभा में छावनी मंडल में सुमित तिवारी और ओमपुरवा में सनी जायसवाल को लगातार दूसरी बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। यह दोनों 10 माह पहले पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाए गए थे। बाबूपुरवा में ओपी आर्या को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया।

महाराजपुर विधानसभा में रामादेवी मंडल में अनीता सिंह परमार (महिला) को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया। हरजिंदर नगर में विवेक कुमार शुक्ला, जरौली में सुमित कश्यप, यशोदा नगर में संजय तिवारी और सरसौल ने लक्ष्मी नारायण निषाद को भी पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, श्याम नगर मंडल को अभी होल्ड पर रखा गया है। यहां रोहित मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, पंकज गुप्ता, विनय सिंह परिहार, अशोक पाल, सुरेंद्र सोनकर, शत्रुघ्न सिंह, शिव प्रताप सोनी, ओपी त्रिवेदी,मनोज अवस्थी और रमेश चंद्र कुशवाहा को जिला प्रतिनिधि चुना गया।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि नए युवाओं को मंडल अध्यक्ष बनाकर संगठन को मजबूत करने जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सूची में सामान्य वर्ग के साथ ही पीडीए को भी बराबर प्रतिनिधित्व दिया गया है। केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने नव निर्वाचित मंडल अध्यक्षों को पार्टी का पटका  पहना कर शुभकामनाएं दी। प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। भाजपा में संगठनात्मक चुनाव के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी मिलती है। जब कि विपक्षी सपा, बसपा, कांग्रेस परिवारवादी पार्टियां है।

ग्रामीण में 9 मण्डल अध्यक्षों की घोषणा
कानपुर ग्रामीण जिले के 9 मण्डल अध्यक्षों की घोषणा की गई। जिले की तीन विधानसभाओं में से बिल्हौर विधानसभा में 6 मण्डलों में से 5, बिठूर विधानसभा में 5 मंडलों में से 3 मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधि की घोषणा की गई। घाटमपुर विधानसभा में 5 मंडलों में से 1 मंडल अध्यक्ष की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक मण्डल पर कई कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था, संगठनात्मक दृष्टिकोण, जातिगत समीकरण और पार्टी के प्रति निष्ठा के आधार पर चयन किया गया। मीडिया प्रभारी अंशुल बाजपेई ने कहा कि शेष मंडल अध्यक्षों की घोषणा संगठन द्वारा बाद में की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here