Kanpur : सीसामऊ उपचुनाव में भाजपा को गुटबाजी की चुनौती, अब सीएम योगी संभालेंगे मोर्चा

0
140

न्यूज़लिंक हिंदी। सीसामऊ विधानसभा सीट पर होने जा रहे उप चुनाव को जीतने के लिए पूरी बीजेपी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है लेकिन पार्टी के अंदर की गुटबाजी जीत की राह में बाधा बनकर खड़ी है।

कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह और वर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के बीच 36 का आंकड़ा है। जिला इकाइयां नए मतदाता बना रही हैं लेकिन कमेटी के सामने ही 11 नए सदस्य खड़े कर दिए गए, जिनके बारे में कहा गया है कि वे 10 हजार नए मतदाता भी बनाएंगे।

कार्यक्रमों के दौरान मंच से कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने की बात कही जाती है लेकिन मंच से हटते ही नेता खुद गुटबाजी में डूब जाते हैं। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में लगातार पांच चुनाव हार चुकी भाजपा ने इस बार जीत हासिल करने के लिए नौ मंत्री, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को लगाया है। अब तक हुई बैठकों में यहां की गुटबाजी भी ऊपर तक पहुंच चुकी है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की बैठक में उनके भाषण के दौरान जिस तरह से सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के ही एक वार्ड के पार्षद पवन गुप्ता ने पार्षदों के काम न होने के आरोप भी लगाए, उससे अनुमान लगाया गया कि यहां निचले स्तर पर सब ठीक नहीं है। इसके चलते ही 29 अगस्त को जब मुख्यमंत्री योगी शहर में आएंगे तो भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर गुटबाजी खत्म करने का संदेश भी देंगे।

पिछले दिनों सर्किट हाउस में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी सुरेश खन्ना के सामने एक विधान परिषद सदस्य ने अपने करीबी 11 लोगों को उनके सामने लाकर कह दिया कि सीसामऊ में अब ये 11 कार्यकर्ता नए 10 हजार मतदाता भी बनाएंगे। इसके बाद से जिला पदाधिकारी नाराज हैं कि इसके जरिये यह दिखा दिया गया कि जिला कमेटी तो कुछ कर ही नहीं रही है। उसी दिन सर्किट हाउस में तीन पार्षद सुरेश खन्ना से मिले और वार्डों में काम न कराने का आरोप भी दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here