Kanpur: खलवा पुल पर जलभराव और सीसामऊ चैनल न खोलने पर जलनिगम की कंपनी पर तहरीर

0
130

न्यूज़लिंक हिंदी। जलनिगम की कार्यदायी संस्था केआरएमपीएल (कानपुर रिवर मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड) की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खलवा पुल में नौ घंटे तक पानी न निकलने और सीसामऊ नाले का चैनल न खोलने से शहर के अंदर हुये जलभराव के मामले में कंपनी के खिलाफ अब जलकल ने तहरीर दी है।

एक जून को हुई बरसात में शहर में हुये जलभराव पर नगर आयुक्त और महापौर की नाराजगी के बाद जलकल ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ रायपुरवा व ग्वालटोली में मुकदमा दर्ज करने के लिये तहरीर दी है। दोनों ही मामले में कंपनी पर लापरवाही का आरोप है। इससे पहले गंगा में प्रदूषण गिराने के मामले में कंपनी के तीन अधिकारियों पर ग्वालटोली में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

जलकल विभाग जोन-5 के अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के सीवर व खलवा पुल के नीचे वर्षा जल भराव की समस्या के निस्तारण के लिये जल निगम (ग्रामीण) ने राखी मण्डी (आईपीएस) में 430 एचपी के 03 पम्प व 190 एचपी के 02 पम्पों को स्थापित किया गया। जिसका संचालन वन सिटी वन आपरेटर के अन्तर्गत केआरएमपीएल के द्वारा किया जाता है। महापौर के द्वारा 27 जून को हुई बैठक में जल निगम (ग्रामीण) ने बताया था सीवेज पम्पिंग स्टेशन का 190 एचपी के 02 पम्प व 430 एचपी के 01 पम्प चालू हालत में है।

430 एचपी के 02 पम्प खराब हैं। जिनकी मरम्मत किया जाना आवश्यक है। केआरएमपीएल के प्रतिनिधि ने बताया कि फर्म द्वारा खराब पम्पों के मरम्मत का कार्य कराया जायेगा एवं वर्षा प्रारम्भ से पूर्व चालू स्थिति में रखा जायेगा। लेकिन एक जुलाई को मानसून की पहली बारिश में पूरे क्षेत्र के साथ-साथ जूही अण्डर पास (खलवा पुल) के नीचे 25 मीटर जल भराव हो गया।

नगर आयुक्त ने जब राखी मण्डी, आईपीएस का निरीक्षण किया तो 02 पम्प बन्द पाये गये। जिसकी जवह 9 घंटे तक जलभराव रहा। अधिशाषी अभियंता ने बताया केआरएमपीएल लगातार काम में लापरवाही बरत रहा है। संचालन में लगाये गये कर्मचारियों का भुगतान भी कई माह से नहीं कर रहा है। जिससे समस्या बनी हुई है।

जलकल ने लगातार लापरवाही बरतने पर केआरएमपीएल के अभियन्ता मानवेन्द्र रे के खिलाफ सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत प्राथमिकी दर्ज करते के लिये रायपुरवा थाने में एफआईआर दी है। रायपुरवा थाना प्रभारी संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि जलकल का पत्र मिला है जांच के बाद एफआईआर होगी।

वीआईपी रोड, ग्वालटोली के घरों में भरा पानी
1 जुलाई को भारी बारिश के चलते ग्वालटोली, वीआईपी रोड, गांधी नगर, खलासी लाइन में भीषण जलभराव हो गया था। इन इलाकों में करीब 5 फीट तक जलभराव हो गया था । लोगों के घरों तक में पानी घुस गया था। इसमें प्राइवेट कंपनी कानपुर रिवर मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की बड़ी लापरवाही सामने आई है।

सीसामऊ नाले को गंगा में गिरने से रोकने के लिए लगाए गए चैनल से नाले के पानी को जाजमऊ एसटीपी भेजा जाता है। बारिश के दौरान इन चैनल को खोलने की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनी की ही है। लेकिन, 1 जुलाई को भारी बारिश के बाद भी गेट नहीं खोले गए, इससे बड़े इलाके में भीषण जलभराव हो गया था। जलकल जोन-4 अभियंता ने ग्वालटोली थाने में कंपनी के खिलाफ तहरीर दी है। जलकल के मुताबिक जलभराव के चलते जान-माल की बड़ी हानि से बच गया। वहीं हजारों की संख्या में आबादी घंटों परेशान रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here