न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर।मकर संक्रांति पर रविवार को सांसद सत्यदेव पचौरी ने रतनलाल नगर के जैना पैलेस मैदान में ‘दिव्यांगजनों को कंबल, दीप वितरण के साथ ही समरसता भोज कराया। कार्यक्रम का शुरुआत प्रांत प्रचारक श्रीराम, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। सांसद पचौरी ने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली 21 दिव्यांगों को अंगवस्त्र, मोती की माला पहनाकर एवं अक्षत, दीप, कंबल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में डेढ़ हजार से ज्यादा दिव्यांगों को निशुल्क कंबल वितरण किया।
दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं
सांसद पचौरी ने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। दिव्यांगों ने बहुत से क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। दिव्यांगों की थोड़ी सी सहायता करके हम उनकी मंजिल पाने में मदद कर सकते हैं। दिव्यांगों को जरूरत की सामग्री, कृत्रिम अंग मिलना उसकी शारीरिक कमी की पूर्ति होने के समान है। दिव्यांग व्यक्ति अपने ज्ञान, कौशल एवं प्रतिभा के बल पर सफलता की उच्चतम बुलंदियों को छू सकता है। हम जरूरत का सामान देकर उनकी सहायता करके पुण्य जरूर कमा सकते हैं। मदद करना ही इंसान होने की असली पहचान है।
मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण जनमानस को एक सूत्र में पिरोने के लिए मकर संक्रांति के अवसर पर सामाजिक समरसता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने 22 जनवरी को सुबह 11 से 1 बजे तक परिवार के छोटे, बड़े बच्चों के साथ सपरिवार एक साथ बैठ कर टीवी पर प्राण, प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखने और सुनने तथा सायं काल अपने अपने घरों, मठ, मंदिरों और पार्कों में श्रीराम ज्योति जलाने का आवाहन किया।
राम विरोधी घड़ियाली आंसू बहा रहे
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि सूर्य के उत्तरायण होने पर शुभ मुहूर्त में ही अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा है। विपक्षी पार्टियों के राम विरोधी घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल अवस्थी, संचालन गणेश शुक्ला एवं समापन दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने किया।
ये भी पढ़ें :Kanpur: अपहरण और पेशाब कांड के फरार छह आरोपियों पर 25 हजार का इनाम घोषित, चार आरोपी गिरफ्तार
कार्यक्रम में अनीता त्रिपाठी व रंजीता पाठक, उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, अनूप पचौरी, सह-संयोजक संजीव पाठक, सुरेश अवस्थी, रामदेव शुक्ला, विनोद शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी रहे।

