कानपुर। दवा कारोबारी के साथ हुई मारपीट का प्रकरण थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पूरे मामले में बीच-बचाव करने कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय भी सामने आ गई हैं। गुरुवार को उन्होंने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक कर इस मामले में सभी की राय जानी। इसदौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस पूरे मामले में मध्यस्थता कर खत्म कराया जाएगा। दोनों ही परिवार को समझौते के लिए राजी कराने की कोशिश की जाएगी। महापौर ने कहा कि यह एक सामान्य घटना है, जिसे कुछ विपक्षी लोग राजनीतिक रंग देने पर लगे हुए हैं।
तीन दिनों के बाद इंदौर से लौटी महापौर प्रमिला पांडेय ने भाजपा पार्षदों की बैठक प्रमिला सभागार में बुलाई। हालांकि इस दौरान महज 39 भाजपा पार्षद ही बैठक में पहुंचे। इसमें से सिर्फ एक ही महिला भाजपा पार्षद बैठक में शामिल हुई। महापौर प्रमिला पांडेय ने इस दौरान एक-एक कर सबकी राय जानने की कोशिश की। उपसभापति व भाजपा पार्षद संतोष शाहू ने कहा कि दोनों ही पक्षों में कोई पुरानी दुश्मनी नहीं है। किसी भी प्रकार का कोई झगड़ा भी नहीं है। बातचीत करके इसको निपटाया जाएगा। पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। नेता सदन व वरिष्ठ भाजपा पार्षद नवीन पंडित ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सीबीआई जांच होनी चाहिए। शहर में माहौल खराब नहीं होना चाहिए। इसमें कुछ लोग माहौल खराब कर रहे हैं। इस प्रकरण में जो भी दोषी है, जांच के आधार पर उसको दंड मिलना चाहिए। वहीं, वरिष्ठ पार्षद महेंद्र पांडेय पप्पू ने कहा कि पूरे प्रकरण में दोनों ही तरफ हमारे लोग हैं। हमारा किसी से कोई बैर नहीं है। इस घटना पर निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। दोनों ही पक्षों को समझौता कर लेना चाहिए। बैठक के बाद महापौर प्रमिला पांडेय दवा कारोबारी और पीड़ित अमोलदीप सिंह के परिवार से मिलने उनके घर भी पहुंची।
भाजपा से जुड़े लोग दे रहे हवा
महापौर द्वारा बुलाई गई बैठक में कई बातें, गोपनीय भी हुईं। बैठक के बाद एक पार्षद ने बताया कि इस बात पर चर्चा की गई कि कुछ भाजपा से जुड़े लोग भी इस मामले में हवा दे रहे हैं। पार्षद पति और खुद पार्षद के विरोध में कुछ ऐसे लोग खड़े हैं। जिनकी पहचान करायी जा रही है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भी टिप्पणी की है। ऐसे लोग नहीं चाहते की भाई-चारा बना रहे। उन्होंने बताया कि इसमें कुछ भाजपा नेता अंदरखाने से सिख समाज की तरफ से पैरवी कर रहे हैं।
सिर्फ एक महिला पार्षद पहुंची
महिला पार्षद सौम्या शुक्ला के पक्ष में भाजपा दल की बैठक में सिर्फ एक महिला पार्षद पहुंची। सौम्या शुक्ला के समर्थन में वार्ड परमपुरवा से पार्षद विद्यादेवी बैठक में शामिल हुईं। बता दें कि नगर निगम में भाजपा की 17 महिला पार्षद हैं। वहीं, भाजपा के कुल 65 पार्षद हैं लेकिन, बैठक में कुल 39 पार्षद ही पहुंचे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भाजपा पार्षद भी एक साथ नहीं खड़े हैं।