न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर में राज कुंद्रा से जुड़े पोर्न मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने करी छापेमारी, ईडी की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। यहां राज कुंद्रा प्रोडक्शन से जुड़े अरविंद श्रीवास्तव के घर पर छापेमारी हुई है।
मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज केस की जांच करने इडी टीम कानपुर पहुंची है। अरविंद श्रीवास्तव की पत्नी हर्षिता के निष्क्रिय बैंक खाते को सक्रिय कर पोर्न फिल्मों की काली कमाई खपाने का आरोप भी लगा है। अरविंद श्रीवास्तव सिंगापुर में राज कुंद्रा का काम देखता था ।
कानपुर में इडी की छापेमारी से बहुत ही ज्यादा हड़कंप मच गया है। यहां श्याम नगर में रहने वाले नर्वदा श्रीवास्तव का बड़ा बेटा अरविंद श्रीवास्तव कानपुर आईआईटी से इंजीनियरिंग करने के बाद पत्नी हर्षिता श्रीवास्तव के साथ सिंगापुर में रहता है।
वह सिंगापुर में रहकर राज कुंद्रा प्रोडक्शन का काम संभालता था। मुंबई पुलिस के द्वारा 2021 में दर्ज हुए केस को लेकर इडी टीम जांच कर रही है।
ये भी बता दें कि उद्योगपति और फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा का प्रोडक्शन हाउस चलाने वाले अरविंद श्रीवास्तव ने पोर्न फिल्मों की काली कमाई खपाने के लिए अपनी पत्नी हर्षिता श्रीवास्तव के निष्क्रिय बैंक खाते को मुख्य रूप से सक्रिय कराया था।
पोर्न एप को लेकर चर्चा में आए राज कुंद्रा के करीबी सहयोगी कानपुर में श्याम नगर निवासी अरविंद की पत्नी हर्षिता का मायका बर्रा आठ के ए-18, एमआइजी-1 में है। हर्षिता ने शादी के 14 वर्ष बाद अपनी मां नीरजा के साथ 2015 में संयुक्त बचत खाता बर्रा आठ स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में खोला था।
इसी बैंक में उसका लाकर भी है। खाता खुलने के बाद न तो उसमें ज्यादा रकम आई न ही लाकर का किराया चुकाया गया। कम बैलेंस और नियमित संचालन न होने से बैंक ने पांच अक्टूबर 2016 को इस खाते को पूर्ण रूप से निष्क्रिय घोषित कर दिया।
13 दिसंबर 2016 को अरविंद ने रुपये जमा कर और केवाइसी देकर खाते को दोबारा सक्रिय कराया था। रुपये जमा होते ही लाकर का तीन हजार किराया भी उसमें से कट गया था। हर्षिता का यह स्माल साइज का लाकर था। इसके बाद कुछ माह तो थोड़े-थोड़े रुपये आते रहे, लेकिन उसके बाद यूपीआइ भुगतान के जरिए 50-50 हजार रुपये आने भी शुरू हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, 2019 में रुपये आने की रफ्तार भी बढ़ी। उस समय से इस खाते में नेशनल इलेक्ट्रानिक फंड्स ट्रांसफर के जरिए 10-10 लाख रुपये प्रतिमाह लगातार आने लगे थे । हर्षिता के खाते में सबसे ज्यादा 12 लाख रुपये एक बार में आ गए।

