न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर में जिलाधिकारी कोर्ट ने गुरुवार को विधायक इरफान सोलंकी के भाई रिजवान सोलंकी समेत तीन लोगों के चार शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। विधायक इरफान सोलंकी के साथ-साथ उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विधायक के भाई डिफेंस कॉलोनी निवासी रिजवान सोलंकी के पास रिवाल्वर और डबल बैरल बंदूक का लाइसेंस था।
इनके खिलाफ हत्या का प्रयास, आगजनी, रंगदारी, बलवा, तोड़फोड़ और जमीन कब्जाने के मामले दर्ज हैं। जाजमऊ पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम कोर्ट ने छह सितंबर 2023 को रिजवान सोलंकी के दोनों लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किया था। लेकिन रिजवान की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर डीएम ने दोनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए।
वहीं, 37वीं वाहिनी पीएसी से सेवानिवृत्त सिपाही कृष्णानगर निवासी शैलेंद्र सिंह पर भी विवादित जमीन के कब्जे को लेकर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पर शैलेंद्र की राइफल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। इसी तरह, ब्रह्मनगर निवासी अजय प्रताप के खिलाफ चकेरी और नजीराबाद थाने में मुकदमे दर्ज हुए थे। डीएम कोर्ट ने इनका रिवॉल्वर का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।
ये भी पढ़े : EX हसबैंड अरबाज खान की शादी के बाद अब Malaika arora भी है शादी के लिए तैयार, झलक के सेट पर किया ऐलान
वहीं, जाजमऊ पुलिस ने डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा के घर हुई आगजनी मामले में फरार सपा विधायक के गैंगस्टर पीए शकील चिकना को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़ा गया आरोपी आगजनी के वक्त इरफान सोलंकी और उनके गैंगस्टर साथियों संग मौके पर मौजूद था। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।

