न्यूजलिंक हिंदी, कानपुर। लखनऊ-कानपुर-झांसी हाइवे पर पनकी भौ सिंह में स्टील अथॉरिटी के पास केडीए रेस्ट एंड रिफ्रेश प्वाइंट बनाएगा। जहां राहगीरों के रुकने के साथ खाने-पीने, बच्चों के खेलने एवं सुपर मार्केट की मिलेगी सुविधा मिलेगी। 2920 वर्गमी. क्षेत्रफल में प्रस्तावित रेस्ट एंड रिफ्रेश प्वाइंट के मॉडल को लेकर केडीए वीसी विशाख जी अय्यर ने अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके साथ ही आगे की रूप-रेखा भी तैयार की।
केडीए वीसी के निर्देशन में प्राधिकरण की टीम ने पनकी भौ सिंह, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. और कालपी रोड के बीच भूमि पर अवैध कब्जे हटाए थे। इस जमीन पर ढाबा, दुकान, धर्मकांटा, व्यवसायिक निर्माण लोगों ने किये थे। जिन्हें अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। अब इसी जमीन पर रेस्ट एंड रिफ्रेश प्वाइंट बनाने के निर्देश दिये गये हैं। शुक्रवार को जमीन पर यात्रियों की सुविधा के लिये अनोखी पहल के रूप में रेस्ट एण्ड रिफ्रेस प्वाइंट बनाये जाने की कार्य योजना केडीए वीसी के सामने पेश की गई।
केडीए वीसी ने बताया कि लखनऊ-झांसी राजमार्ग पर इस प्रकार का प्रथम रेस्ट एंड रिफ्रेस प्वाइंट होगा, जहां पर यात्रियों के लिए लगभग सभी सुविधायें एक छत के नीचे उपलब्ध रहेगीं। रेस्ट एंड रिफ्रेस प्वाइंट के निर्माण हो जाने से राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को ठहरने एवं जलपान की सुविधा उपलब्ध होगी। वीसी ने योजना को धरातल पर लाये जाने के लिए नियमानुसार जल्द कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
ये भी पढ़े : एक अनोखी शादी रेलवे स्टेशन पर ममेरे भाई ने फुफेरी बहन की मांग में भरा सिंदूर,दोनों के बीच था प्रेम प्रसंग
यह सुविधा होगी
यात्रियों के रूकने, खाने-पीने, बच्चों के खेलने एवं सुपर मार्केट के साथ ही विभिन्न ब्रांड्स के काफी शॉप, फूड कोर्ट, स्लीपिंग पॉड्स, गेमिंग लांज, किड्स प्ले-रूम, गेस्ट रूम, पब्लिक टॉयलेट, इलेक्ट्रानिक स्टोर, वेटिंग एरिया की सुविधा रहे।
