न्यूजलिंक हिंदी, कानपुर। कानपुर में मेट्रो रेल सेवा के गुरुवार को दो साल पूरे हो गये हैं। इस मोके पर मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर में मेट्रो शुरू होने के बाद से अब तक नौ किलोमीटर के दायरे में 14.5 लाख किलोमीटर मेट्रो ने सफर किया। इस दौरान लगभग 34 लाख 20 हजार लोगों ने मेट्रो का सफर किया है।
मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर पॉलिटेक्निक कॉलेज, बिंदकी फतेहपुर के छात्रों ने रंगोली के माध्यम से कानपुर मेट्रो को शुभकामना दी। क्वीन्स ऑफ कानपुर स्वयं सहायता समूह के सहयोग से एक स्टॉल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया। जिसमें रिसाइकल्ड उत्पादों के साथ-साथ स्टोन आर्ट, बेकरी और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए। 100 छात्रों ने मेट्रोराइड का आनंद लिया, जहां उन्हें कानपुर मेट्रो की सुविधाओं, विशेषताओं और कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
इसके साथ ही सेल्फी विद मेट्रो कॉन्टेस्ट और कानपुर मेट्रो, मेरी मेट्रो थीम पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सेल्फी विद मेट्रो कॉन्टेस्ट के विजेताओं में प्रथम पुरस्कार पूजा सक्सेना, द्वितीय पुरस्कार परी सिंह भदौरिया और तृतीय पुरस्कार समीर मोहम्मद को दिया गया। वहीं, कानपुर मेट्रो, मेरी मेट्रो चित्रकला प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार गीतिका गुप्ता, द्वितीय पुरस्कार करण जायसवाल और तृतीय पुरस्कार अर्पिता गुप्ता ने जीता।
ये भी पढ़ें: IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत को एक और झटका, ICC ने लगाया जुर्माना, WTC में दो अंक भी कटे
क्वीन्स ऑफ कानपुर की महिला सदस्यों ने विशेष रूप से सजाए गए कानपुर मेट्रो ट्रेन में यात्रा की और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इसके साथ ही सुरमयी संध्या का आयोजन किया गया। यात्रियों ने इस दौरान म्यूजिक बैंड द्वारा बजाए जा रहे बॉलीवुड गीतों का जमकर लुत्फ उठाया।
63 हजार नकद और 46 स्मार्टफोन लौटाये
मेट्रो ने दो वर्षों में लगभग खोये हुये 63 हज़ार रुपये की नक़दी, 4 लैपटॉप और 46 स्मार्टफ़ोन यात्रियों को लौटाये हैं। स्टाफ़-सुरक्षाकर्मियों ने सत्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो सौ से अधिक यात्रियों को मेट्रो सिस्टम में उनका खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस लौटाया। यात्रियों को 63 हज़ार रुपये की नक़दी, चार लैपटॉप, 46 स्मार्टफ़ोन और ज़रूरी दस्तावेज़-जूलरी इत्यादि समेत लगभग 140 अन्य आइटम वापस किए जा चुके हैं।