न्यूज़लिंक हिंदी, कानपूर। यूपीएमआरसी ने मेट्रो के कार्य के लिये मैकरॉर्टगंज कॉलोनी के कई घरों को खाली करने का नोटिस दिया है। इसके विरोध में गुरुवार को क्षेत्र की जनता सड़क पर आकर हंगामा करने लगी। महिलाओं ने कहा कि जमाने से रह रहे हैं, मर जायेंगे पर आवास खाली नहीं करेंगे। कहा कि जब तक हिसाब नहीं होगा तब तक मेट्रो के कार्य को एक इंच आगे नहीं बढ़ने नहीं दिया जायेगा।
मैकरॉबर्टगंज कॉलोनी में कई ऐसे जर्जर घर हैं जो मेट्रो के टनल निर्माण कार्य में ढह सकते हैं। इसको लेकर मेट्रो की टीम ने सर्वे भी किया है। जिसके बाद बुधवार को कॉलोनी को खाली करने के लिये नोटिस दे दिया है। हंगामा कर रही महिलाओं में शामिल रेखा ने बताया कि हम लोग वर्षों से रह रहे हैं। पास में 35 नंबर कॉलोनी में मेट्रो ने जब आवासों को खाली कराया तो पैसा दिया, मकान दिया।
लेकिन, हम लोगों को बिना किसी मुआवजे के खाली करने को कहा जा रहा है। यह नाइंसाफी है। महिलाओं ने कहा कि इतनी ठंड पड़ रही है, बाल बच्चों को खुले आसमान में लेकर कहां घूमेंगे। मेट्रो वाले आश्वासन दे रहे है कि चार दिन होटल में रखेंगे। लेकिन, इसके बाद कहां जायेंगे। हंगामा कर रहे लोगों ने मांग की कि उन्हें आवास और उचित मुआवजा दिया जाये।

