रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने कानपुर सांसद और महापौर में तनातनी, मंगल भवन पर मची ‘रार’

0
89
चकेरी एयरपोर्ट पर राजनाथ सिंह को जानकारी देतीं महापौर प्रमिला पांडेय।

कानपुर। ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में बने मंगल भवन में अनियमितता को लेकर भाजपा में दंगल की स्थिति पैदा हो गई है। रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने ही महापौर प्रमिला पांडेय और सांसद रमेश अवस्थी आमने-सामने आ गए। मंगल भवन के उद्घाटन में शामिल न होने पर महापौर ने रक्षामंत्री से कहा कि भैया आपको गलत जानकारी दी गई।

इसपर सांसद ने भी कहा कि मंगल भवन के निर्माण और नगर निगम के साथ जेसीआई से हुए एमओयू में अनियमितता है। इसकी जांच होनी चाहिए। मामला बढ़ता देख खुद राजनाथ सिंह ने दोनों ही जनप्रतिनिधियों को शांत कराया। वहीं, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भी निर्माण को लेकर नगर आयुक्त से तीखे सवाल किए हैं।

मंगल भवन का निर्माण नगर निगम की जमीन पर किया गया है। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने महापौर की उपस्थिति में भवन का उद्घाटन किया। क्योंकि रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को शहर में रहना था तो महापौर का इरादा था कि उद्घाटन रक्षामंत्री से कराया जाए, अंतिम समय तक यह प्रयास भी किया गया डिजीटल कार्ड भी छपवाए गए। लेकिन अंत में राजनाथ सिंह का ऑफिशियली कार्यक्रम नहीं मिला।

लेकिन जब राजनाथ सिंह को चकेरी एयरपोर्ट पर महापौर प्रमिला पांडेय व सांसद रमेश अवस्थी समेत तमाम भाजपा नेता पहुंचे तो इसी दौरान महापौर ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सांसद रमेश अवस्थी पर आरोप लगाए कि उन्हें गलत जानकारी दी गई है, इसलिए एक उद्घाटन का कार्यक्रम खराब हो गया। हालांकि, रक्षामंत्री ने दोनों ही जनप्रतिनिधियों को शिकवे न रखने की सलाह दी।

सांसद ने नगर आयुक्त को भेजा पत्र।

हमारी जिम्मेदारी जनता के प्रति, जांच होनी चाहिए
मंगल भवन के निर्माण में बरती गई अनियमितताओं की जांच दिशा की कमेटी से कराने की मांग की है। मंगल भवन का नक्शा तक नहीं पास है। जेसीआई के साथ जो एमओयू हुआ उसमें भी इनडॉयरेक्ट में जेसीआई को कब्जेदार बनाया गया। हम गलत चीजों के साथ नहीं है। हमारी जिम्मेदारी जनता के प्रति है। महापौर जी ने रक्षामंत्री के सामने जो भी कहा, मैं, अभी भी जांच की मांग पर कायम हूं।

सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भी लिखा पत्र
अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने रविवार को नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि मंगल भवन के निर्माण में नगर निगम के अधिकारियों और तत्कालीन नगर आयुक्त द्वारा अवैध रूप से पार्क में निर्माण कार्य कर हजारों करोड़ रुपये की जमीन में हेरफेर किया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत धीरे-धीरे पूरी जमीन को खेल कूद, सामाजिक गतिविधियों के केंद्र की जगह पर अपना हक जमाना चाहते हैं। उन्होंने मंगल भवन के कार्यक्रम को स्थगित करते हुए जांच कराने को कहा है। सांसद ने मंडलायुक्त और रक्षामंत्री को इसकी जानकारी दी।

महापौर ने कहा मेरा सपना पूरा हुआ
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि किसी के मन में यह हो कि मंगल भवन को व्यापारी चलाएंगे तो उन्हे मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि इसका संचालन और मालिकाना हक नगर निगम के पास है। जो सपना मैंनें गरीबों के लिये देखा था उसे पूरा कर दिखाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here