कानपुर, न्यूजलिंक हिंदी। शहर में चर्चित कोकाकोला चौराहा अब सिंधियों के गुरू साई टेऊॅराम के नाम से जाना जायेगा। इसी तरह नजीराबाद थाने के सामने वाली सड़क को काकोरी कांड में जेल गये शहर के नायकों विजय सिन्हा और राजकुमार सिन्हा के नाम से कर दिया गया है। नगर निगम में अब 1 लाख रुपये से अधिक के कार्यों के लिये भी ई-निविदा आमंत्रित होगी।
अभी तक मैनुअल तरीके से भी कार्यों के टेंडर हो जाते थे। जिसमें गड़बड़ी की आशंका होती थी। शुक्रवार को नगर निगम सदन की नई कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तुत किये गये अधिकतर प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। कुछ प्रस्तावों को छोड़कर कार्यकारिणी ने अधिकतर नामकरण के प्रस्ताव ही पास किये।
नगर निगम समिति कक्ष में शुक्रवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक में सबसे पहले कार्यकारिणी के उप सभापति का चुनाव हुआ। इस दौरान वार्ड 78 सिविल लाइंस के पार्षद यशपाल सिंह को कार्यकारिणी का उप सभापति चुन लिया गया। महापौर व सभापति प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक में 11 प्रस्तावों पर विचार शुरू हुआ।


