न्यूज़लिंक हिंदी। रेवमोती स्थित तड़का रेस्टोरेंट में बुधवार शाम शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से कुछ ही देर में रेस्टोरेंट में धुंआ भरने लगा, जिससे रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों को सांस फूलने लगी। ग्राहको में भगदड़ मचने से मॉल में अफरा तफरी का माहौल बन गया। रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया।
रावतपुर स्थित रेवमोती मॉल की चौथी मंजिल पर तड़का रेस्टोरेंट है। बुधवार शाम रेस्टोरेंट में एक निजी पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। तभी अचानक रेस्टोरेंट के किचन में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। किचन में उठती आग की लपटों से धुंआ रेस्टोरेंट में भरने लगा। इस दौरान पार्टी में मौजूद लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
ये भी पढ़े : आज मनाया जा रहा बाबा खाटू श्याम का Birthday, यहां जानें महत्व और मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथा
लोग रेस्टोरेंट से बाहर की ओर भागे, जिससे मॉल में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर मॉल में मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर काकादेव व रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी पर पहुंचे पत्रकारों को रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने कुछ भी बताने से इंकार किया। हालांकि रेस्टोरेंट में मौजूद कुछ ग्राहकों का मानना है कि सिलेंडर लीकेज के कारण आग लगी।

