न्यूज़लिंक हिंदी। नगर निगम के प्रवर्तन दल की चुगली करने वाले स्क्वॉयड कमांडर को नगर आयुक्त ने बर्खास्त कर दिया। संविदा पर तैनात पूर्व सैनिक राजेश कुमार गुप्ता प्रतिबंधित पॉलिथिन के ट्रकों को पास कराने के लिए छापे व कार्रवाई की सूचना को लीक करता था। नगर आयुक्त ने बर्खास्त कमांडर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़े : दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मोदी सरकार का तोहफा, DA में किया 4 फीसदी इजाफा
नगर निगम प्रवर्तन दल चार वर्षों से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चला रहा है। लगातार कार्रवाई होने की वजह से शहर से कई फैक्ट्रियां आउटर व दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो गई। प्रवर्तन दल में तैनात संविदाकर्मी पूर्व सैनिक लगातार एसयू
पी बनाने वाली फैक्ट्रियों की मदद कर रहा था। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि बर्खास्त कमांडर प्रवर्तन दल के अभियानों का समय और लोकेशन की गोपनीय सूचना दे रहा था। इसकी वजह से जब टीम रात में एसयूपी से भरी गाड़ियों को पकड़ने निकलती थी तो सटीक सूचना के बाद भी प्रवर्तन दस्ते को खाक छाननी पड़ती थी। सूत्रों से मिली जानकारी के बाद राजेश कुमार गुप्ता को नगर आयुक्त ने बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रवर्तन प्रभारी कर्नल आलोक नरायण को पुलिस में शिकायत करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़े : Gaza Hospital Attack: जिंदगी के लिए आए, मिली मौत… 500 मौतों का जिम्मेदार कौन?
बर्खास्तगी के बाद भी वर्दी में घूम रहा कमांडर
प्रवर्तन प्रभारी ने बताया कि कमांडर को बर्खास्त कर दिया गया है, लेकिन इसके बाद भी भ्रष्ट स्क्वॉड कमांडर प्रवर्तन दल की वर्दी में घूमता है। इसको पत्र भेजने के बाद भी अभी तक उसने नगर निगम से जारी परिचय पत्र भी नहीं लौटाया है, जिसका दुरुपयोग कर रहा है। प्रवर्तन प्रभारी ने बताया कि बर्खास्तगी के बाद राजेश कुमार गुप्ता नगर निगम प्रवर्तन दस्ते की बदनामी कर रहा है।

