न्यूजलिंक हिंदी, कानपुर। कानपुर के गोविंद नगर थानाक्षेत्र में भाजपा नेता की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अपने ही पति की हत्या के मामले में पकड़ी गई पत्नी ने पुलिस कस्टडी में बताया है कि पति उसे रोज पीटता था। पीएम मोदी को मजाक में अपशब्द बोलने पर भी पिटाई की थी। दिव्या ने बताया कि शादी के एक महीने बाद टीवी पर पीएम मोदी का भाषण आ रहा था। भाषण के दौरान उसने मजाक में प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कह दिया तो इस मजाक से मुकेश इतना आक्रोशित हो गया था कि उसने जूते और डंडों से उसकी पिटाई कर दी थी।
भाजपा नेता मुकेश नारंग के हत्यारोपी पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी संजय पाल को शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। मृतक की हत्यारोपी पत्नी ने बताया कि मारपीट से तंग आकर दो माह पूर्व संजय के साथ मुकेश की हत्या की योजना बनाई थी। संजय मुकेश को मारने के लिए कौशांबी से नींद की गोलियां खरीद कर लाया था। रात में दिव्या ने मुकेश की चाय में आठ से 10 गोलियां मिलाकर दे दी थी, जिससे वह बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों ने गला दबा कर मुकेश की हत्या कर दी। पुलिस को दिव्या व संजय की स्नैप चैट के माध्यम से घटना के दिन तक बातचीत होने के पुख्ता सुबूत मिले है।
24 नवंबर की रात की थी हत्या
24 नवंबर की रात गोविंद नगर पांच ब्लॉक निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष मुकेश नारंग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके बिस्तर पर मिला था। घटना की सूचना पर डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार व एसीपी बाबूपुरवा व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच कर रही गोविंद नगर पुलिस ने दिव्या व प्रयागराज के कौशांबी निवासी उसके प्रेमी संजय पाल को गिरफ्तार किया था। शनिवार को पुलिस ने दोनो हत्यारोपियों को जेल भेज दिया। डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्या ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मुकेश की हत्या की थी।
इसके बाद दिव्या घर के सामने रहने वाली बहन वंदना के घर चली गई थी। वंदना के पूछने पर दिव्या ने बताया कि मुकेश ने दोस्तों के आने की बात कहकर उसे घर भेजा है। देर रात तीन बजे भांजे गौरव संग घर आने पर मुकेश का शव पड़ा मिला था। डीसीपी ने बताया कि दिव्या व संजय एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। स्कूल में पढ़ने के दौरान वर्ष 2019 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। अलग-अलग जाति के होने के कारण दिव्या की शादी संजय से नही हो सकी। दिव्या ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही मुकेश उसके साथ मारपीट करता था। प्रताड़ित करने के लिए घर की बिजली तक काट देता था। विरोध करने पर तलाक की धमकी देता था, जिससे उसने तंग आकर घटना को अंजाम दिया।
शादी के डेढ़ माह बाद दे दिया था तलाक
डीसीपी ने बताया कि दिव्या व मुकेश की यह दूसरी शादी थी। दिव्या की शादी इससे पहले वर्ष 2020 में एक युवक से हुई थी। शादी के डेढ़ माह बाद ही दिव्या ने उसे तलाक दे दिया था। शनिवार को दिव्या ने बताया कि पति शराब का लती था, रोज नशे में धुत होकर मारपीट करता था। जिससे तंग आकर उसने तलाक दे दिया था। जिसके बाद परिजनों ने उसकी शादी मुकेश से कर दी थी।
प्रेमी संजय से होती थी बातचीत
पुलिस के मुताबिक दिव्या और संजय के बीच स्नैप चैट के जरिए बातचीत व वीडियो कॉलिंग होती थी। कुछ समय बाद ही मुकेश को दिव्या और संजय के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद मुकेश अक्सर दिव्या संग मारपीट करता था। दिव्या ने बताया कि मारपीट से परेशान होकर उसने आपबीती संजय को बताई थी। जिसके साक्ष्य पुलिस को दोनो के बीच बीते 24 नवंबर को हुई बातचीत में मिले है।
अब सहा नहीं जाता, मार दो इसे
प्रेमी संजय पाल ने बताया कि बातचीत के दौरान अक्सर दिव्या उसे मुकेश से पिटाई की जानकारी देती थी। जिस पर वह वापस लौटने को कई बार कह चुका था, लेकिन दिव्या परिजनों के दबाव में घर नहीं लौट पा रही थी। बताया कि एक दिन दिव्या ने उसे रोते हुए बताया कि अब मारपीट बर्दाश्त के बाहर है, तुम मुकेश को मार दो।
ये भी पढ़ें: CID के इंस्पेक्टर फ्रेड्रिक्स उर्फ दिनेश फडनिस को आया हार्ट अटैक, वेंटिलेटर पर लड़ रहे हैं जिंदगी और मौत की जंग
दो महीने पहले बनाई की मारने की योजना
संजय ने बताया कि दो महीने पहले मुकेश को मारने की प्लान तैयार किया था। मारने के कुछ समय बाद दिव्या के वापस कौशांबी आने पर साथ में रहने की तैयारी की थी। मुकेश को मारने के लिए संजय ने काफी दिन पहले मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां खरीदी थी।
वंदना ने दिव्या को कई बार समझाया था
मृतक की बड़ी बहन वंदना ने बताया कि दिव्या के प्रेम संबंधों की जानकारी होने मुकेश ने दिव्या के पिता ज्ञान से शिकायत की थी, साथ ही संजय पाल के घर जाकर भी विरोध किया था। संजय ने दोबारा ऐसा न होने का आश्वासन दिया था। वंदना ने दिव्या को लोकलाज को भय दिखा कर समझाया था, जिस पर दिव्या ने अपनी गलती मानी थी।

