कानपुर। नगर निगम द्वारा शनिवार को 207 घंटे का अखंड महासफाई अभियान शुरू किया गया। गोविंद नगर के जागेश्वर अस्पाताल से शाम 4 बजे शुरू हुआ अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जो विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ मोतीझील में खत्म होगा। इसके तहत निकुंज एजुकेशन सोसाइटी बुलन्दशहर की 35 सदस्यीय टीम एवं नगर निगम के कर्मचारी सभी छह जोनों में विशेष सफाई करेंगे। अधिकारियों की माने तो बिना रुके लगातार सफाई कर नगर निगम गाजियाबाद के लगातार 200 घंटे सफाई का रिकॉर्ड भी तोड़ देगा।

जोनल कार्यालय-5 जागेश्वर अस्पताल गोविन्द नगर से महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम को ऐसी रणनीति बनानी चाहिए कि हर दिन स्वच्छता महाभियान चले। प्रत्येक जोन से हर वार्ड से छटनी करते हुए लगभग 100-100 सफाई कर्मचारियों की एक टीम बनायी जाये। जो अपने जोन के हर वार्ड में सफाई महाभियान निरन्तर चलाती रहे। जोन में जो स्वच्छता में प्रथम आयेगा उस जोन के सफाई कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोत्तरी की जायेगी एवं जो जोन फिसड्डी आयेगा उस जोन के सफाई कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जायेगी। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि अखंड सफाई महाभियान की शुरूआत के लिए महापौर को धन्यवाद देता हूं। इस महाभियान की सफलता के लिए जोन के स्वास्थ्य विभाग के साथ राजस्व निरीक्षकों की तैनाती की गई है। इस अभियान का गोविन्द नगर विद्यार्थी मार्केट व्यापर मंडल द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, पार्षद नवीन पंडित, सरोज चड्ढा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय कुमार, डॉ. अमित सिंह गौर, समस्त जोनल अभियन्ता, जोनल अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी, डिपो इंचार्ज रफजुल रहमान, मुख्य सफाई निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक, सफाई नायक व पर्यवेक्षक एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

जोन-1:
टाटमिल चौराहा से घंटाघर होते हुए मालरोड, बांसमंडी चौराहा, लाटूश रोड होते हुए लालता प्रसाद चौराहा से मूलगंज से नई सड़क तक। सद्भावना चौकी से पुस्तक मार्केट से कोतवाली चौराहा मेस्टन रोड होते हुये मूलगंज चौराहा तक। हालसी रोड से बादशाही नाका से घंटाघर चौराहा से एक्सप्रेस रोड रैन बसेरा से नरौना चौराहा, पनचक्की चौराहा, सेन बालिका डिग्री कालेज से एलआईसी चौराहा से फूलबाग चौराहा, मेधदूत चौराहा से इनकम टैक्स रोड होते हुये चेतना चौराहा से जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए सरसैयाधाट से ग्रीन पार्क चौराहा तक सफाई अभियान चलेगा।
जोन-2:
यशोदानगर चौराहा से श्री राम चौक, देवकी नगर चौराहा, नमक फैक्ट्री चौराहा से गोपाल नगर चौराहा तक, गोपाल नगर चौराहा टैम्पो स्टैंड से छप्पन भोग चौराहा होते हुए श्यामनगर तक, त्रिमूर्ति मन्दिर जीटी रोड, हरजेन्द्रनगर चौराहा औशर रामादेवी चौराहा से मनोज इंटरनेशनल होते हुये टाटमिल चौराहा तक सफाई कार्य।
जोन-3:
सचान नहरिया से बीजेपी कार्यालय मौरंग मंडी होते हुये अलंकार गेस्ट हाउस से सोटे बाबा मन्दिर तक, साइड नंबर-1 से सोटे बाबा मन्दिर से किदवईनगर चौराहा तक, किदवईनगर चौराहा से शनिदेव मन्दिर से यशोदानगर बाई पास तक सफाई कार्य।
जोन-4:
ग्रीन पार्क चौराहे से वीआईपी रोड होते हुये रेव-थ्री से आभा नर्सिग होम तक, कमिश्नर आवास से कर्नलगंज क्षेत्र होते हुये घंटे वाला मन्दिर से चुन्नीगंज होते हुए कब्रिस्तान रोड तक, चुन्नीगंज से बड़ी ईदगाह से गोल चौराहा से हैलट पाइनियर फोटो कापी हैलट से गैस्टोलीवर होते हुए मटका चौराहा और कम्पनी बाग चौराहा तक सफाई।
जोन-5:
फजलगंज से जरीब चौकी, विजय नगर चौराहा से सीटीआई तक, शास्त्री चौक से दबौली मोड़ से वापसी शास्त्री चौक और सचान चौराहा तक सफाई कार्य।
जोन-6:
कम्पनी बाग से नबावगंज एसडी कालेज से पत्रकारपुरम मोड़ तक, मकड़ीखेड़ा से इन्द्रानगर कल्यानपुर सब्जीमंडी तक, एसपीएम हॉस्पिटल मैट्रो से 09 नम्बर क्रासिंग से छपेड़ा पुलिया, विजय नगर चौराहा, एसबीआई बैंक फजलगंज से मरियमपुर स्कूल, नरेन्द्र मोहन सेतु से हैलट अस्पताल, नगर निगम परिसर मोतीझील में सफाई अभियान का समापन होगा।
नंबर गेम:
2019: 76 घंटे चला
2022: 186 घंटे चला
2023: 207 घंटे चलेगा
सफाई में लगे कर्मचारी:
वालेंटियर: 35
नगर निगम: 25

