कानपुर। केडीए ने मंगलवार को कल्याणपुर के बारासिरोही और मिर्जापुर में 4 हेक्टेयर जमीन पर हुये कब्जों को हटाया। केडीए के अनुसार खाली कराई गई जमीन की कीमत लगभग 01 अरब 47 करोड़ 60 लाख है। भूमि पर किये गये अवैध कब्जे के विरूद्ध ध्वस्तीकरण के साथ ही 02 परिसरों को सील भी किया गया। वहीं, जोन 2 के तहत काकादेव व विनायकपुर में भी केडीए ने कब्जों और अवैध निर्माण के विरोध में कार्रवाई की।
केडीए उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बारासिरोही आराजी संख्या 1718 में हुये अवैध निर्माण के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। यहां लगभग 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से किये गये कब्जे स्थायी व अस्थायी निर्माण एवं बाउण्ड्रीवाल को जेसीबी के माध्यम से गिराया गया। यहां आराजी संख्या 1688 में लगभग 25000 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से किये गये हटा दिये। इसीतरह मिर्जापुर में आराजी संख्या 345, 346, 347 में अवैध निर्माण के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।
यहां लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से किये गये कब्जे गिराए गये। कार्यवाही में प्रवर्तन जोन-2 से सीबी पाण्डेय एवं भूमि बैंक अनुभाग के मौजीलाल, रामलाल, रमेश प्रजापति व मनोज कुशवाहा के साथ थाना कल्यानपुर का पुलिस बल भी उपस्थित रहा। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि कुल 40000 वर्ग मीटर को खाली कराया गया।
आराजी संख्या-83 विनायकपुर में मानकों के विपरीत अवैध निर्माण किया गया था। जिसपर केडीए ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद राम सेवक पाल पुत्र राम चरण पाल द्वारा चोरी-छिपे निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसके साथ ही काकादेव, नवीन नगर में भूखण्ड संख्या-230 स्कीम-1 ब्लाक-एल में रूचि अग्रवाल व राजीव अग्रवाल की ओर से भी निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसपर दोनों सील परिसरों को पुलिस अभिरक्षा में देने के लिए सुपुर्दगी की प्रक्रिया की गयी।