न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के भव्य मन्दिर में प्राणप्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। इससे पहले रविवार देर रात श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में पीले अक्षत (चावल) से पूजित अक्षत कलश कानपुर प्रांत पहुंचे। विहिप प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, परमेश्वर, बैरिस्टरजी, अनुपम, पीयूषजी जैसे ही गंगा बैराज से कानपुर की सीमा में पहुंचे रामभक्तों ने पुष्पमालाओं से स्वागत अभिनंदन किया गया।
इसके बाद पनकी मंदिर पहुंच कर कलश का पूजन हुआ।वाहनों के हुजूम के साथ उत्साहित सभी रामभक्त पनकी हनुमान मन्दिर पहुंचे। वहां पर महन्त जितेंद्रानंद जी महाराज ने अक्षत कलश का पूजन अर्चन किया।अक्षत कलश आगे सभी जिलों में जाएंगे, सभी जिलों के सभी प्रखंडों में भी इनके पूजन का कार्यक्रम होगा। पीले अक्षत घर घर हर हिन्दू परिवार तक पहुंचाए जाएंगे, हर हिन्दू को प्राणप्रतिष्ठा के पुण्य आयोजन में आमंत्रित किया जाएगा।
राजीव महाना ने कहा कि सदियों की कठिन तपस्या से यह पावन अवसर सभी रामभक्तों को मिल रहा है। आगामी 22 जनवरी 2024 सोमवार के शुभदिन, प्रभु श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह को, श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे नवीन मंदिर भूतल के गर्भगृह में विराजित करके प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी।
ये भी पढ़ें : IIT Kanpur की प्रक्रिया आएगी काम, अब क्लाउड सीडिंग से सुधरेगी हवा की गुणवत्ता
हिन्दू जनमानस प्राण-प्रतिष्ठा के दिन घोषित समय के पहले अपने ग्राम, मोहल्ले, कालोनी में स्थित मंदिर में आस-पड़ोस के राम भक्तों को एकत्रित करके, भजन-कीर्तन कर, टेलीविजन अथवा एलईडी लगाकर अयोध्या के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को देखेंगे, शंखध्वनि, घंटानाद, आरती कर, प्रसाद वितरण करेंगे। इस दौरान आशीष त्रिपाठी जी, कृष्णा जी, अनुराग दुबे जी, युवराज जी, प्रशांत शुक्ला जी समेत बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

