न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र में ओला कार चालक को फ्लैट की चौथी मंजिल से फेंककर मार डालने का आरोप परिजनों ने लगाया है। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर आरोप लगाया है। कहाकि इस घटना की सूचना प्रेमी ने मृतक की बड़ी बहन के घर देर रात जाकर दी। जिससे कोहराम मच गया। पुलिस और फोरेंसिक ने साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और प्रेमी से पूछताछ की है।

मूलरूप से जिला उन्नाव के थाना बैसवारा ग्राम ककरारी निवासी 34 वर्षीय विजय द्विवेदी ओला कार चलाता था। यहां रतनपुर के नीलगिरी भवन के चौथी मंजिल पर रहता था। साकेत नगर निवासी बड़े भाई अशोक द्विवेदी और बहनोई अनमोल तिवारी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से विजय अपनी पत्नी अंजलि के साथ अलग रह रहा था। दो वर्ष पहले शादी हुई थी।
जतिन नाम के युवक से प्रेमप्रसंग चल रहा था
बताया है कि शादी के बाद से विजय अपनी पत्नी अंजलि के साथ अलग रह रहे थे। अंजलि का बर्रा के रहने वाले डायमंड बैटरी का काम करने वाले जतिन नाम के युवक से प्रेमप्रसंग चल रहा था। शादी के दो वर्ष से आए दिन दोनों में इस बात को लेकर विवाद होता था। आरोप लगाया कि सोमवार रात तीनों ने ऊपर शराब पी।
दोनों ने मिलकर विजय को चौथी मंजिल से फेंक दिया
इसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर चौथी मंजिल से विजय को फेंक दिया। आरोप लगाया कि पत्नी ने इस घटना की सूचना किसी को नहीं दी। देर रात तकरीबन 1:10 बजे जतिन बड़ी बहन बर्रा निवासी गीता त्रिपाठी के यहां पहुंचा। उसने गेट खटखटाकर छत से गिर जाने की बात कही और चला गया।
आरोपियों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है
इस पर बहन ने सभी को जानकारी दी। एसीपी पनकी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने ओला चालक की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही और आरोपियों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

