Kanpur News : भाजपा प्रत्याशी Ramesh Awasthi का जोरदार स्वागत, महाना, पचौरी, प्रमिला पांडेय नहीं गये

0
333

न्यूज़लिंक हिंदी। भाजपा की कानपुर संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाये गये रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर जोरदार स्वागत हुआ। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने घंटाघर से रोड शो निकालकर ताकत दिखाई।

रोड शो के दौरान रमेश अवस्थी ने पहले गणेश मंदिर और फिर परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में माथा टेका, यहां उन्होंने महंत से आशीर्वाद भी लिया। रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर अपने प्रत्याशी का स्वागत किया। तीन घंटे के रोड शो के बाद रमेश अवस्थी ने भाजपा उत्तर व संघ कार्यालय में बैठक भी की।

भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से सुबह 11 बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर ही भाजपाईयों ने उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद स्टेशन से ही रोड शो निकला जो मुरे कंपनी पुल की तरफ बढ़ा इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। रोड शो के लिये बने प्रचार वाहन के ऊपर रमेश अवस्थी के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, निवर्तमान सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, नीलिमा कटियार, एमएलसी सलिल विश्नोई सवार दिखे।

इसके साथ ही रोड शो में पहुंचे पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया व अन्य नेताओं को भी बीच-बीच में प्रचार वाहन में जगह दी गई। घंटाघर स्थित गणेश मंदिर से परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद रोड शो नवीन मार्केट पार्टी कार्यालय में खत्म हुआ। भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी के पहले स्वागत कार्यक्रम से सत्यदेव पचौरी और सतीश महाना गुट ने दूरी बनाकर रखी।

स्वागत कार्यक्रम में न तो सांसद सत्यदेव पचौरी पहुंचे और न ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधायक महेश त्रिवेदी भी यहां नहीं पहुंचे, हालांकि उन्होंने अपने लड़के शुभम त्रिवेदी को भेजा था। महापौर प्रमिला पांडेय ने भी इस रोड शो से खुद को दूर रखा। जानकारी पर पता चला कि वह एक दिन पहले शहर आ गईं थीं लेकिन बुधवार को वह फिर शहर से बाहर निकल गईं।

बता दें कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने एक दिन पहले ही स्वागत में महापौर, मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद के अलावा प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, एवं बूथ तक के कार्यकर्ताओं एवं भाजपा के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा को पहुंचने के निर्देश दिये थे। इसके बाद भी शीर्ष नेताओं के रोड शो में नहीं पहुंचने से राजनीति गरमा गई, यहां तक उत्तर जिले के नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में भी इन अनुपस्थिति पर चर्चा रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here