न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। बादलों में कोहरे की वजह से मंगलवार को दिन की ठंड में इजाफा हुआ। पारा पिछले 24 घंटे में एक डिग्री लुढ़ककर 22.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस तरह न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 9.8 डिग्री रिकार्ड दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से चलकर पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली हवाओं की रफ्तार पांच से 10 किमी प्रतिघंटा के बीच रहने की वजह से ठंड और तेज होने की संभावना है। देर शाम से लेकर सुबह छह बजे तक कोहरा रह सकता है।
मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से बादल होने लगे हैं। रात में बादल होने से तापमान बढ़ रहा है, जबकि दिन में घट रहा है। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
22 दिसंबर तक इसमें कुछ बदलाव के आसार दिख रहे हैं, जिससे हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ मैदानी क्षेत्रों में इसका असर दिखेगा। इस बीच हवा में अधिकतम नमी की मात्रा 81 और न्यूनतम 47 प्रतिशत रही।
ठण्ड के मौसम में करे बचाव
डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि खासतौर पर अब बुजुर्ग व बच्चों को सतर्क रहने की जरूरत है। इस बदले रहे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को कान व सिर खुला रखकर घर के बाहर निकलने से बचाव करना चाहिए। इसी तरह मॉर्निग वॉकर को भी सतर्क रहने की जरूरत है। उन्हें भी सुबह सर व कान ढककर वॉक करना चाहिए।
ये भी पढ़ें :राजस्थान के CM भजन लाल शर्मा की कार का एक्सीडेंट, नाले में घुसी कार, गिरिराज जी जाते समय हुआ हादसा
आपको बता दें कि महानगर में भी पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री से ज्यादा की कमी आई है।

