न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। सोमवार को रात का पारा सात डिग्री पर पहुंच गया। बीते तीन दिन में रात का तापमान साढ़े पांच डिग्री तक नीचे जाने से दिन में धूप निकलने के बाद भी गलन तेज़ी से बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ के गुजरने के बाद गलन वाली सर्दी और बढ़ेगी।
सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ का शहर में इसका असर दिखा। बता दे कि हवा की धीमी रफ्तार से विक्षोभ वाली हवा का असर पूरी तरह शहर तक नहीं हुआ है। इससे दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच गया है।
गलन वाली सर्दी का असर रहेगा
मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों के भीतर इन इलाकों में वर्षा की संभावना भी है। इसका असर कानपुर में भी रहेगा। यहां वर्षा होने के आसार नहीं हैं लेकिन दिन में गलन वाली सर्दी का असर रहेगा।
ये भी पढ़ें : अवध के लिए इलेक्ट्रिक क्रूज कोलकाता से रवाना, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने दिखाई हरी झंडी
पहाड़ी इलाकों में ऊपरी हिस्से में बर्फबारी का भी मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। उन्होंने बताया कि बीते तीन दिन में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे गिरा है। पांच जनवरी को जहां शहर का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री था वहीं आठ जनवरी को यह सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

