Kanpur Weather Update: रात का पारा न्यूनतम दो डिग्री नीचे गया,दिन में धूप तो निकलेगी लेकिन बर्फीली हवाओं के तेज चलने से धूप का असर होगा कम

0
298

न्यूज़लिंक हिंदी। पहाड़ों पर बना पश्चिमी विक्षोभ दूर चला गया है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट और भी आई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री नीचे आ गया।

न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम पारा 23 डिग्री रहा। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार, देर रात से लेकर तड़के करीब पांच बजे तक कोहरा ही कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में धुंध पूरे समय तक ही बनी रही।

मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि 25 दिसंबर से हवाओं की रफ्तार तेज होने से ठंडक और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता मैदानी क्षेत्रों में कम होने की वजह से अब बादल कम होंगे, दिन में धूप, तो निकलेगी लेकिन बर्फीली हवाओं के तेज चलने से धूप का असर कम रहने की संभावना है।

इससे दिन में ठंडक रहेगी। इसका असर पूरे मंडल में रहेगा। ऐसे में धूप को देखकर कम कपड़ों में बाहर निकलना नुकसान देय भी हो सकता है। इसी तरह रात के समय धुंध और कोहरा अधिक होने से हाईवे पर लंबी दूरी की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

कोहरे और धुंध के बीच महानगर में प्रदूषण की मात्रा भी रेड जोन में तेजी से पहुंच गई है। शनिवार को शहर के बीचोंबीच स्थित नेहरूनगर में स्थापित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रदूषण मापक मीटर में प्रदूषण की मात्रा 310 एक्यूआई रिकॉर्ड की गई। सीपीसीबी के अनुसार ऐसी स्थिति को बहुत खराब श्रेणी यानी रेड जोन में रखा जाता है। और ऐसे में हाईवे पर लंबी दूरी की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here