न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। सोशल मीडिया पर गेरूआ धोती पहने स्टंटबाज का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। वीडियो में स्टंटबाज युवक साथ चल रही दो स्कॉर्पियो के बोनट पर खड़े होकर हाथ में भगवा झंडा लहराता हुआ दिख रहा है। ये शहर भर में कारों पर खड़े होकर स्टंट करता रहा, लेकिन पुलिस को कहीं नहीं दिखा। वीडियो शहर के एक बिल्डर का बताया जा रहा है।
अक्षय सेंगर नाम के हैंडल से इंस्टाग्राम पर डाले गए करीब दो मिनट के वीडियो में युवक गंगा बैराज से लेकर कर्बला चौराहे होते हुए मॉल रोड, बड़ा चौराहे तक खुलेआम स्टंट करता दिखाई दिया। बता दे कि पुलिस कर्मियों के सामने ही स्टंटबाजी करता रहा, लेकिन कहीं भी कोई पुलिस कर्मी उसे रोकने-टोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
जिन दो स्कॉर्पियो पर सवार होकर स्टंटबाजी की गई है। वह अजेंद्र सिंह की बताई जा रही हैं। इनमें एक गाड़ी पर एचएसआरपी नंबर प्लेट न होने पर पांच हजार का एक चालान है, जबकि दूसरी गाड़ी पर नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने से लेकर फॉल्टी नंबर प्लेट समेत विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए 15600 रुपये के कुल पांच चालान पेंडिंग चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें : UP: राकेश टिकैत ने कहा- किसान दहेज में गाड़ी नहीं ट्रैक्टर लें, 16 फरवरी को भारत बंद का किया एलान
डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। डीसीपी ट्रैफिक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए कहा गया है।

