न्यूज़लिंक हिंदी। गणेश विसर्जन के दौरान कर्नाटक के मांड्या जिले के नागमंगला में बुधवार देर रात पथराव बाजी हो गई, हालात इतने बिगड़ गए कि उपद्रवियों ने दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया, इस घटना में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सीनियर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हालात तनावपूर्ण लेकिन अब नियंत्रण में हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक नागमंगला के बदरीकोप्पल में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी, बुधवार देर रात जब मस्जिद के पास से गणेश प्रतिमा के विसर्जन का जुलूस निकल रहा था, उसी समय दो गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। पुलिस के लाठीचार्ज से नाराज हिंदू समुदाय ने थाने के सामने विरोध-प्रदर्शन भी किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
इससे इलाके में तनाव इतना ज्यादा फैल गया, हालात को देखते हुए पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी गई है। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने आज बंद बुलाया है। साउथ जोन के आईजीपी बोरालिंगैया ने बताया कि गणेश जुलूस के दौरान पथराव होने की खबर मिली है। उन्होंने बताया कि झड़प के बाद उपद्रवियों ने कुछ दुकानों और बाइकों में आग भी लगा दी।
इस हादसे में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, आईजीपी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। पूरे इलाके में तीन दिन के लिए धारा 144 लागू की गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल बम और अन्य हथियारों के इस्तेमाल की कोई सूचना नहीं है। आईजीपी बोरालिंगैया ने कहा कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है।

