झकरकटी तालाब की झील में लाइट शो के साथ फव्वारा भी लगेगा। गुरुवार को नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने मुख्य अभियंता के साथ निरीक्षण कर इसके निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर निगम ने भविष्य का झकरकटी तालाब कैसा होगा इसका ले-आउट भी सार्वजनिक कर दिया है। इसमें विशाल एंट्री गेट, पाथवे, झील में चलती नाव व अन्य चीजें दिखाई दी हैं। यहां टहलने व पिकनिक मनाने आने वाले लोगों के लिए पार्किंग भी तालाब के बाहर ही व्यवस्था होगी।
नगर आयुक्त ने झकरकटी स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। यहां 4.38 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराया जा रहा है। तालाब में 465 मीटर लंबा पाथवे मॉर्निंग वॉक एवं फिटनेस गतिविधियों के लिए विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही बैठने के लिए आरामदायक बेंच, शाम के समय वॉक के लिए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी होगी। नगर आयुक्त ने बताया कि लोगों को पेयजल सुविधा, स्वच्छ शौचालय, आधुनिक चिल्ड्रेंस पार्क व ओपन जिम का निर्माण का कार्य प्रगति पर है।


