लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा ने अपने संगठन को नया रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा शुक्रवार को कर दी। नगर क्षेत्र में उत्तर जिले से पार्टी ने अपने वरिष्ठ और पुराने चेहरे दीपू पांडेय को जिलाध्यक्ष बनाया है। वहीं, दक्षिण क्षेत्र की जिम्मेदारी संगठन में कार्य कर रहे शिवराम सिंह को दी है। इसी तरह कानपुर देहात से मनोज शुक्ला और ग्रामीण से दिनेश कुशवाहा को जिलाध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने चारों ही जिलों से अपने पुराने जिलाध्यक्षों को रिपीट नहीं किया है।
कानपुर नगर के उत्तर जिले में महामंत्री रहे सुनील बजाज को भाजपा ने 2019 में जिलाध्यक्ष बनाया था। वहीं, कानपुर दक्षिण में डॉ. बीना आर्या पटेल को जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी की थी। कानपुर ग्रामीण में कृष्णमुरारी शुक्ला और कानपुर देहात में अविनाश सिंह चौहान को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। वर्ष-2020 में भी जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की गई थी, लेकिन तीन नामों को रिपीट कर दिया गया। अविनाश सिंह चौहान को एमएलसी बनाकर पार्टी ने उनका कद बढ़ा दिया था। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी ने जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की है। इस बार पार्टी ने चारों नामों पर नए चेहरों को मौका दिया है।
पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह
भाजपा ने चुनाव से पहले बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने इस बार फिर से अपने पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह दी है। जिलाध्यक्षों की सूची में जिस तरह से पुराने कार्यकर्ताओं को स्थान दिया है, उसमें वोटबैंक को भी साधने की कोशिश की है। कानपुर में उत्तर जिले के अध्यक्ष बनाए गए दीपू पांडेय पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह पूर्व महापौर स्व. सरला सिंह के करीबी माने जाते थे। वहीं, पार्टी में रहते हुए वह कई जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं। दक्षिण जिलाध्यक्ष बनाए गए शिवराम सिंह के पास वर्तमान में महामंत्री का पद था। शिवराम सिंह के घर पर ही लंबे समय तक दक्षिण कार्यालय भी संचालित रहा है। वह पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं।
राज्यमंत्री रहे स्व. संतोष शुक्ल के भाई हैं मनोज
कानपुर ग्रामीण में जिलाध्यक्ष बनाए गए दिनेश कुशवाहा के पीछे ओबीसी वोट बैंक का साधना माना जा रहा है। वहीं, कानपुर देहात में जिलाध्यक्ष बनाए गए मनोज शुक्ल, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त पाए स्व. संतोष शुक्ल के भाई हैं। वह पार्टी में सक्रिय रहते हुए संगठन के द्वारा दिए गए कार्यों में सबसे आगे रहे हैं।
हमारा लक्ष्य 2024 है
पूर्व जिलाध्यक्ष, उत्तर क्षेत्र सुनील बजाज ने कहा कि पार्टी ने दीपू पांडेय जी को जिलाध्यक्ष बनाया है। यह हमारे लिए खुशी की बात है। हम उनके साथ पूरी तरह से खड़े रहेंगे। हमारा लक्ष्य 2024 है। हमारी पार्टी में संयुक्त निर्णय होता है, वह सर्वमान्य होता है।
लोकसभा चुनाव पर कोई असर नहीं
पूर्व जिलाध्यक्ष, दक्षिण क्षेत्र डॉ. बीना आर्या पटेल ने कहा कि हम लोगों का तीन साल का कार्यकाल होता है। लेकिन, लगभग 4 साल पूरे हो रहे हैं। परिवर्तन तो होना ही था। यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। पार्टी ने काफी विचार कर लिस्ट जारी की है। इसका लोकसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
पहले हम पार्टी कार्यकर्ता
कानपुर ग्रामीण के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी शुक्ला ने कहा कि पार्टी ने मंथन के बाद ही लिस्ट जारी की है। हमारा ध्यान इस समय लोकसभा चुनाव में है। पार्टी को सभी सीटें जिताना ही लक्ष्य है। पद की लालसा नहीं है, पहले हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं।

