Exit Poll Results 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के सातों चरण के मतदान पूरे होने के बाद एग्जिट पोल आ गये हैं। टॉप 11 न्यूज चैनल और न्यूज एजेंसियों के द्वारा दिये गये एग्जिट पोल के अनुसार इस बार फिर से पूर्ण बहुमत से मोदी सरकार बनती दिख रही है। वहीं, इंडिया गठबंधन को इस बार 150 से अधिक सीटें मिल सकती हैं।
न्यूज 24 टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोले की बात करें तो भाजपा ओर उनके सहयोगी दल 400 का आंकड़ा छूते दिख रहे हैं। जबकि इंडिया गठबंधन को पोल में 107 सीटे मिलती दिख रही हैं वहीं, अन्य के खाते में 36 सीटें गई हैं।
इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल की बात करें तो भाजपा और उनकी सहयोगी पार्टियां (राजग) को 361-401 सीटें मिलीं हैं। इस पोल में इंडिया गठबंधन को 131-166 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, अन्य के खाते में 8-20 सीटें जा सकती हैं।
दिल्ली में आप बिगाड़ सकती है खेल
दिल्ली में सात संसदीय सीट पर इंडी गठबंधन और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला है। गठबंधन के तहत चार सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ी। वहीं कांग्रेस पार्टी के तीन उम्मीदवारों ने चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं भाजपा ने सातों सीट पर चुनाव लड़ रही है। शनिवार देर शाम होते ही एग्जिट पोल पर सबकी नजरें टिक गई। सातवें चरण के मतदान खत्म होने के बाद इस पोल में किसका पलड़ा भारी है और जीत हो सकती है इसका अंदाजा लगाया जाता है। एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी का भी 1-3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। जबकि भाजपा को 4-6 सीटें मिल सकती हैं।
एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल की बात करें तो एनडीए को 353-383 सीटें मिली हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन को 152-182 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य के खातें में भी 4-12 सीटें जाती हुई दिख रही हैं।
इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल को देखें तो भाजपा और उनके सहयोगी दलों को 371-401 सीटें इस बार मिलने जा रही हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन के खाते में भी 109-139 सीटें मिली हैं। अन्य के खाते में इस एग्जिट पोल में 10-20 सीटें मिली हैं।
‘400 पार’ का नारा क्या छू सकती है भाजपा
इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने गठबंधन के लिए ‘400 पार’ का नारा दिया था। फिलहाल तीन सर्वे में एनडीए को 400 या उससे ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अगर एग्जिट पोल सच साबित होते हैं, तो मोदी अपनी पार्टी को लगातार तीसरी बार चुनाव में जीत दिलाने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।