न्यूज़लिंक हिंदी, लखनऊ। राजधानी की ठाकुरगंज पुलिस ने डॉक्टर जानंदेश्वर को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि डॉक्टर ने किसी से संबंध के शक व पत्नी द्वारा शराब के लिए पैसे दिए जाने के चलते पत्नी के हाथ पैर बांधकर किचन में रखे चाकू से 18 बार हमलाकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
भाई की शिकायत पर एफआईआर
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने दोनों बच्चों को नींद की दवा खिला दी थी। होश में आने पर बच्चों ने नानी को सूचना दी थी। मृतका के भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पकड़े जाने के डर से आरोपी डॉक्टर घर में लगे कैमरे के डीबीआर साथ ले गया।
जानें क्या था घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, ठाकुरगंज क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर आनंदेश्वर पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट है। उसकी 15 साल पहले लव मैरिज हुई थी. शादी के बाद अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। 5 दिसंबर मंगलवार छोटा बेटा स्कूल से घर लौटा तो मां को खून से लथपथ चादर में लिपटा देखा, जिससे वह डर सहम गया और चीखने लगा। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने लड़की के घरवालों को सूचना दी।
परिजनों ने मौके पर पहुंचते ही पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के बाद महिला के शव को पंचनामा कर आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गईं।
डीसीपी पश्चिम राहुल राज ने बताया कि ‘पति आनंदेश्वर का 15 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े हुआ करते थे। पति आनंदेश्वर शराब का आदी था। अक्सर दोनों में कहासुनी होती रहती थी। साथ ही पति को पत्नी के ऊपर अन्य किसी के साथ संबंध का भी शक था, जिस कारण पति कई बार पिटाई कर चका था।
बीती 5 दिसंबर को पति और पत्नी के बीच काफी विवाद हो गया। गुस्साए पति ने पत्नी को घायल कर उसके हाथ पैर बांध दिए और किचन में रखे चाकू से पत्नी के शरीर पर 18 बार बेरहमी से चाकू से हमला कर उसको मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद डॉक्टर पति छोटे बेटे को लेकर स्कूल से वापस आया और दोनों बच्चों को नींद की दवा दे दी। होश में आने के बाद बच्चों ने घटना की जानकारी अपनी नानी को दी।
डीसीपी ने आगे बताया कि ‘हत्या के बाद आरोपी पति डॉक्टर घर में लगे कैमरे का डीबीआर निकाल ले गया और पकड़े जाने के डर से लखनऊ छोड़कर पहले कोलकाता गया, फिर वाराणसी में रहने लगा। इसी दौरान फोन का कम इस्तेमाल करता था और बार-बार लोकेशन बदल रहा था।
ये भी पढ़ें :IPL 2024 CSK Full Squad: नीलामी में चेन्नई ने खरीदे छह खिलाड़ी, देखें टीम की फाइनल लिस्ट
बीती रात आरोपी लखनऊ में था तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कृष्णानगर के मोटर ट्रेनिंग स्कूल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू भी बरामद किया है।

