न्यूज़लिंक हिंदी। लखनऊ निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर वंदना द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को उसके प्रेमी ने 27 जनवरी की रात को अंजाम दिया। हालांकि मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बीते कल यानी सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस सबूत जुटाने के साथ वारदात की मूल वजह पता करने में जुटी है।
जानें पूरा मामला
बता दे कि इंदिरानगर के सेक्टर 11 में रहने वाली वंदना (26) और जानकीपुरम विस्तार निवासी ऋषभ निगम के बीच प्रेम प्रसंग था। 27 जनवरी की रात दोनों पुणे के पिंपरी चिंचवड़ के हिंजवडी इलाके में लॉज के कमरा नंबर 306 में ठहरे थे। देर रात ही ऋषभ ने वंदना को पिस्टल से तीन गोलियां मारीं। इनमें से दो उसके सिर और एक सीने में लगी। इसके बाद ऋषभ भाग निकला।
पुणे की पुलिस के अलर्ट जारी करने के कुछ घंटे बाद ही मुंबई पुलिस ने चेकिंग के दौरान ऋषभ को दबोच लिया। वंदना मूल रूप से गोंडा की रहने वाली थीं। परिवार इंदिरानगर में रहता है। माता-पिता अभी प्रयागराज में हैं, जबकि दोनों भाई वारदात की सूचना के बाद पुणे के लिए निकले हैं।
विवाद होने पर उसने वंदना को गोली मार दी
पुणे की पुलिस ने आरोपी ऋषभ से पूछताछ की। उसने बताया कि वह करीब दस साल से वंदना के साथ था। कुछ वक्त से वह उसे नजरअंदाज कर रही थी। इसे लेकर कई बार विवाद हुआ। इस वजह से मिलने पुणे आया था। यहां लॉज में भीर रात में विवाद होने पर उसने वंदना को गोली मार दी।
पुलिस उपायुक्त बापू बांगर के मुताबिक ऋषभ 25 जनवरी को लॉज में ठहरा था। अगले दिन वंदना से मिला। फिर शनिवार रात दोनों एक साथ लॉज गए। इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज जुटाई गई हैं। आरोपी आते-जाते वक्त कैमरे में कैद हुआ है। गिरफ्तारी के वक्त उससे पिस्टल भी बरामद हुई थी। उस पर हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें : Arabian Sea: 24 घंटे के अंदर भारतीय नौसेना ने दो जहाजों को लुटेरों से छुड़ाया, पढ़ें पूरी खबर

