न्यूज़लिंक हिंदी। महाराष्ट्र सरकार को इस बात की चिंता सता रही है कि आखिर प्रदेश में बीयर की बिक्री कम क्यों हो गई है। सरकार ने इस बात का पता लगाने के लिए एक उच्च अधिकारियों की टीम भी गठित की है। इस टीम को 1 महीने के अंदर ही अपनी रिपोर्ट सरकार के सामने पेश करनी है। इस पूरे मामले पर शिवसेना उद्धव गुट ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को बीयर से होने वाली कमाई की चिंता सता रही है।
महाराष्ट्र में बीयर की बिक्री में कमी आने पर सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (राज्य उत्पाद शुल्क) के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया है। बीयर की बिक्री में गिरावट आने पर राज्य सरकार घटते राजस्व के चलते चिंतित है। इसके चलते बीयर उद्योग के जरिए राज्य के राजस्व को बढ़ाने के लिए अध्यन करने के लिए इस समिति का गठन किया गया है। यह समिति राजस्व बढ़ाने को लेकर सुझाव देगी। सरकार ने समिति को एक महीने का समय दिया है। राज्य सरकार के अनुसार बीयर पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के बाद बीयर की बिक्री कम हो रही है।
ये भी पढ़े : NCERT की बुक्स में INDIA की जगह लिखा आएगा ‘भारत’, पैनल ने की सिफारिश
शिवसेना UBT ने कसा तंज
महाराष्ट्र सरकार ने बीयर की कम बिक्री के बाद कमेटी गठित की है, सरकार के इस फैसले पर शिवसेना यूबीटी ग्रुप के नेता आनंद दुबे ने तंज कसते हुए कहा है कि सरकार ने एक समिति बनाई है जो यह पता लगाएगी कि राज्य में बीयर कम क्यों बिक रही है। उन्होंने कहा कि इस समिति में बड़े-बड़े अधिकारियों को शामिल किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार चिंतित है क्योंकि बीयर कम बिकेगी तो सरकार को पैसा कम मिलेगा। यह कहते हुए आनंद ने सरकार की सोच पर ही सवाल खड़े कर दिए।

