न्यूज़लिंक हिंदी। देश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालु भोर से ही गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के लिए कतार में लग गए। बता दे कि मंदिर का कपाट खुलते ही गुरु गोरखनाथ के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भोर से शुरू हुई कतार देर शाम तक बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इस खास पर्व पर सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में तीन बजे गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत आदित्यनाथ ने विधिवत पूजा और आरती की। इसके बाद मंदिर की तरफ से देश के सुख समृद्धि की कामना को लेकर गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई गई। इसके बाद नेपाल राज परिवार की तरफ से नेपाल राष्ट्र की कामना और कल्याण को लेकर श्रीनाथ जी को खिचड़ी अर्पित की गई।
ये भी पढ़ें : भारत और मालदीव में चल रहें तनाव पर विदेश मंत्री ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हर कोई हर समय भारत का समर्थन ही करेगा
बाद में मंदिर का कपाट भक्तों के लिए खोल दिया गया। कपाट खुलते ही गुरु गोरखनाथ के जयकारे के साथ दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात,बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के अलावा भारी संख्या में नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने खिचड़ी चढ़ाया। यह क्रम देर रात तक चलता रहेगा।
भक्ति का भाव दिखाई दिया
सोमवार को मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन कर उन्हें खिचड़ी चढ़ाने के लिए जो भीड़ दिखी उसमें सिर्फ और सिर्फ भक्ति का भाव दिखाई दिया। उनके अंदर न तो थकान थी न ही ठंड का असर। लाइन में लग कर भी गुरु गोरखनाथ का जयकारा लोग लगाते रहे लोगों में सिर्फ भक्ति का भाव दिख रहा था। खिचड़ी मेले में लाखों लोगों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।
पूरे प्रदेश में हर जगह पर्याप्त व्यवस्था की गई
आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कहीं भी श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसे लेकर पूरे प्रदेश में हर जगह पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गोरखनाथ मंदिर में कल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवावतार महायोगी गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ा रहे हैं और आज मकर संक्रांति के मुख्य पर्व पर यह संख्या लाखों में दिख रही है।
ये भी पढ़ें :India vs Afghanistan: महाकाल पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी, देखी भस्म आरती
गुरु गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने के लिए सड़कों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग अनुशासित होकर दर्शन-पूजन और खिचड़ी चढ़ाने का अनुष्ठान में सम्मिलित हो रहे हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन के साथ ही मंदिर प्रबंधन की तरफ से भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

