न्यूज़लिंक हिंदी। बीते गुरुवार को अपने आवास पर टहलने के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी किसी कारणवश गिर गईं, जिससे उनके सिर पर गहरी चोट आई है। हालांकि, राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि ममता बनर्जी की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रहने वाली हैं। राज्य सरकार के जरिए संचालित एसएसकेएम अस्पताल के डायरेक्टर डॉ मणिमोय बंद्योपाध्याय ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “69 वर्षीय बनर्जी, जिन्हें गुरुवार शाम दक्षिण कोलकाता में कालीघाट स्थित अपने आवास के अंदर गिरने के दौरान माथे और नाक पर गंभीर चोट लगी थी, उन्हें भी अच्छी नींद आई है और फिलहाल वह पहले से बेहतर हैं।
ये भी पढ़े : Kanpur: केडीए वीसी ने जनता दर्शन में पकड़ा कूटरचित दस्तावेज, 90 आवेदकों की सुनी समस्या
चोट लगने से बहा काफी खून
डॉ मणिमोय बंद्योपाध्याय ने कहा, ‘मुख्यमंत्री को लेकर शाम लगभग 7.30 बजे हमें जानकारी मिली कि वह अपने घर में पीछे से धक्का लगने की वजह से गिर गई हैं। उनके सिर पर चोट आई थी और उनका माथा और नाक कट गया था, जिसकी वजह से काफी खून बह रहा था।’ उन्होंने बताया, ‘अस्पताल के एचओडी न्यूरोसर्जरी, एचओडी मेडिसिन और कार्डियोलॉजिस्ट ने उनकी जांच की। उनकी हालत गंभीर थी, इसलिए उनकी स्थिति को स्थिर करना पड़ा।’
सीएम निगरानी में रहेंगी
अस्पताल के डायरेक्टर ने बताया, ‘सीएम के माथे पर तीन टांके और नाक पर एक टांके लगाए गए और जरूरी ड्रेसिंग की गई। ईसीजी, सीटी स्कैन जैसी जरूरी जांच भी की गई है। इस संबंध में डॉक्टरों ने अपनी राय भी बता दी है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘उन्हें अस्पताल में निगरानी में रहने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने घर पर रहना ज्यादा बेहतर समझा। सीएम की निगरानी जारी रहेगी और डॉक्टरों की टीम की सलाह के मुताबिक इलाज चलेगा। कल फिर से उनकी जांच होगी और उसके मुताबिक आगे इलाज पर फैसला किया जाएगा।’
ये भी पढ़े : Kanpur: DRM का सेंट्रल स्टेशन पर निरीक्षण, गंदगी देख अधिकारियों को लगी फटकार
सभी जांच के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
अधिकारी ने शुक्रवार सुबह समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “सीएम की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। उन्हें रात में अच्छी नींद आई है और पूरी रात वरिष्ठ डॉक्टर ने उन पर कड़ी नजर रखी थी। आज सुबह एक बार फिर उनका चेकअप किया जाएगा और कुछ टेस्ट होंगे।” बता दें कि बंगाल की सीएम के माथे पर तीन टांके और नाक पर एक टांके लगाए गए हैं और अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा परीक्षणों के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

