न्यूजलिंक हिंदी,मथुरा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आत्मा, कृषि सूचना तंन्त्र योजनान्तर्गत एक दिवसीय किसान मेला एवं किसान सम्मान दिवस का आयोजन उप कृषि निदेशक कार्यालय परिसर कृषि भवन में आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद हेमा मालिनी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं।
उन्होंने सम्मेलन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। मेला, प्रदर्शनी में कृषि विभाग के साथ साथ पशुपालन, मत्स्य, उद्यान एवं अन्य विभागों के द्वारा 25 स्टॉल लगाई गयी एवं लगभग 800 कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम मे जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, सीडीओ मनीष मीना एवं उप कृषि निदेशक रामकुमार माथुर, जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी डा. सन्तराम, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. प्रतिभा सचान, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार, सहायक निबंधक सहकारी समितियां आदि के द्वारा प्रतिभाग किया गया।
साथ ही सर्वाधिक उत्पादन प्राप्त करने वाले जनपद के 32 प्रगतिशील कृषकों को प्रमाण पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. बाईके शर्मा, डा. रवीन्द्र कुमार राजपूत, डा. बृजमोहन कृषि विज्ञान केन्द्र मथुरा के वैज्ञानिकों के द्वारा तकनीकी खेती से सम्बन्धित कृषकों को विस्तृत जानकारी दी गयी तथा जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह द्वारा मंच संचालन किया गया। बाजार से सम्बन्धित विस्तृत जानकारी कृषकों को दी गई। पशुपालन, मत्स्य, उद्यान एवं अन्य विभागों के द्वारा अपने अपने विभागो मे चलाई जा रही योजनाओं के सम्बन्ध मे अवगत कराया गया।

