न्यूज़लिंक हिंदी,मथुरा। कान्हा की नगरी में धार्मिक पर्यटन को पर लग रहे हैं। वर्ष भर में यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का आंकडा लगातार बढ रहा है। पिछले साल यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 6.5 करोड थी जो इस साल बढ़कर 7 करोड़ से ऊपर पहुंच सकती है। जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा ने बताया कि 15 दिसंबर से 5 जनवरी यहां पहुंचने वाले धार्मिक पर्यटकों का आंकड़ा 20 लाख के आसपास रह सकता है।
ये भी पढ़ें: KANPUR : आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में किया धरना प्रदर्शन, सरकार पर लगाए कई आरोप
देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले लोगों की संख्या अब पीछे छूट रही है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पांच जनवरी तक वृंदावन में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। वहीं जाम की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। अभी तक मथुरा वृंदावन में जाम की समस्या से जूझ रहे जिला प्रशासन के सामने गोवर्धन, बरसाना जैसे धार्मिक स्थलों पर भी लगातार बढ रही भीड चुनौती बन रही है।
वृंदावन में नया साल मनाने के लिए दिल्ली एनसीआर सहित कई राज्यों के लोगों यहां पहुंच रहे हैं। होटल, धर्मशाला, आश्रम बुक हो चुके हैं। वीक एण्ड पर वृंदावन गोवर्धन बरसाना में श्रद्धालुओं की भीड से निपटना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। शनिधाम कोकिलावन, और श्री लक्ष्मी धाम बेलवन में भी शनिवार और गुरुवार के दिन भीडभाड खूब होती है।
इसके अलावा होली, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर श्रद्धालुओं का बडा दबाव रहता है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन जैसे स्थलों परं लगातार होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, आश्रमों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मथुरा वृंदावन में ही करीब 400 होटल, धर्मशाला, आश्रम और गेस्ट हाउस की संख्या होगी। बावजूद इसके लोगों को ठहरने के लिए जगह का प्रबंध करने में पसीने छूट रहे हैं। अभी से बुकिंग पूरी हो चली है।
वर्जन
जनपद में सभी छोटे मोटे होटल, आश्रम, गेस्ट हाउस की संख्या 500 के आसपास होगी। दो जनवरी तक सभी में बुकिंग पूरी है। लगभग 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सभी होटल, गेस्ट हाउस पूरी तरह से तैयार हैं।
-महेन्द्र प्रताप सिंह एड., अध्यक्ष मथुरा वृंदावन होटल एसोसिएशन

