मथुरा: इस बार 76436 परीक्षार्थी देंगे यूपी बोर्ड की परीक्षा, जिला अधिकारी ने ली परीक्षा केन्द्र निर्धारण समिति की बैठक

0
220
न्यूजलिंक हिंदी मथुरा। शासन के निर्देशों के क्रम में आगामी बोर्ड परीक्षा 2024 के दृष्टिगत जनपद में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय परीक्षा केन्द्र निर्धारण समिति की बैठक कैंप कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में बोर्ड परीक्षा 2024 के लिए जनपद में कुल 131 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए। यह सभी परीक्षा केंद्र मिश्रित परीक्षा केंद्र है जिनमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2024 में जनपद में कुल 76436 बच्चे परीक्षा देंगे, जिनमें हाई स्कूल के 37908 बच्चे एवं इंटरमीडिएट के 38528 बच्चे शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों की जांच करें और मानक पूरा कराएं। किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई कमी न रहे और शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। छह दिसंबर की अंतिम तिथि घोषित करते हुए आपत्तियां भी मांगी गई। इस पर डीआईओएस कार्यालय को आपत्तियां मिलनी शुरू हो गई हैं। इनमें से कुछ विद्यालय संचालकों की मांग है कि उनके विद्यालय का परीक्षा केंद्र निर्धारित सीमा से अधिक दूरी पर बना दिया है।
वहीं, कइयों ने अपने विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनवाए जाने की मांग की है। कई प्रबंधक अपने विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति जता रहे हैं, वहीं कुछ कह रहे हैं कि उनके विद्यालय को क्षमता से अधिक विद्यार्थी आवंटित कर दिए गए, इन्हें कम कर दिया जाए। इस तरह की 130 आपत्तियां अब तक मिल चुकी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि छह दिसंबर आपत्तियों के लिए अंतिम तिथि है। इसके बाद निस्तारण कर बोर्ड द्वारा अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here