न्यूज़लिंक हिंदी। मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर रॉयल गार्डन के पीछे पॉलीथिन और प्लास्टिक बोतलों के ढेर में अचनाक भीषण आग लग गई। प्लास्टिक जलने से जहरीला धुआं पुरे वातावरण में फैल गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया । घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, आग में करीब पांच लाख का कबाड़ जलकर राख हो गया।
लोहिया नगर थाना क्षेत्र में रायल गार्डन के पीछे आसाम के कई परिवार झोपड़ी में रहते हैं। जो पॉलिथीन और पुरानी प्लास्टिक बोतल एकत्र कर उन्हें बेचते हैं। इन्हीं में असम निवासी कलीम कबाड़ का काम भी करते है।
उसने झोपड़ी से कुछ दूरी पर ही कबाड़ एकत्र कर रखा है। रात करीब 12 बजे गोदाम में रखे प्लास्टिक के कबाड़ में अचानक आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर झोपड़ी में रहने वाले लोगों में भगदड़ मच गई।
सूचना पर लोहियानगर पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड से छह गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। जहरीला धुआं दूर तक पुरे वातावरण में फैल गया। आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।

