श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचने वाले पहले प्रधानमंत्री बने मोदी
न्यूजलिंक हिंदी, मथुरा पहुंचने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। यहां उन्होंने आदि कृष्ण भगवान के दर्शन किये। इसके बाद योग माया मंदिर में दर्शन किये। प्रधानमंत्री ने भागवत भवन में ठाकुर जी के दर्शन किये। ब्रज के इतिहास में यह दिन लम्बे समय तक याद रखा जायेगा। नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री बने जो विश्व प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन करने पहुंचे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर पुजारियों ने प्रधानमंत्री को प्रसाद की डलिया दी और पगड़ी पहना कर तिलक किया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के सचिव कपिल शर्मा ने मयूर पेंटिंग प्रधानमंत्री को सौंपी।
यह भी पढ़ें:मथुरा और ब्रज भूमि विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे: प्रधानमंत्री
इस दौरान प्रधानमंत्री भक्तिभाव में डूबे नजर आये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ रहीं। इस दौरान सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम रहे। करीब चार हजार सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे। इस दौरान बडी संख्या में लोग मंदिर के बाहर इस उम्मीद में मौजूद रहे कि वह प्रधानमंत्री की झलक पा सकेंगे।

525 रुपये का सिक्का, डाक टिकट किये जारी
प्रधानमंत्री ने मीराबाई की 525 वीं जयंती पर 525 रुपये का सिक्का एवं एक डाक टिकट भी जारी किया। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय ने यह सिक्का तैयार किया है। इस सिक्के की खास बात यह है कि 525 रुपये के सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा जो कि 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत पांच प्रतिशत निकिल और पांच प्रतिशत जस्ते के मिश्रण से बना है। इस सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ के नीचे मूल्यवर्ग 525 लिखा हुआ है व दूसरी तरफ मीराबाई का चित्र है। इस चित्र के ऊपर हिंदी तथा नीचे अंग्रेजी में संत मीरा बाई की 525 वीं जयंती लिखा है। मीरा बाई चित्र के दाएं और बाएं 1498 और 2023 लिखा है।
यह भी पढ़ें:Dev Diwali News: गंगा महोत्सव का आगाज आज राजघाट पर होगा, 12 लाख दीयों से रोशन होगी काशी
कान्हा की नगरी ने पहली बार देखी ऐसी सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले मथुरा में ऐसी सुरक्षा व्यवस्था की गई कि परिंदा भी पर न मार सके। कान्हा की नगरी ने ऐसी सुरक्षा व्यवस्था पहली बार देखी। जनपद भर में सुरक्षा चाक चौबंद की गई थी। मथुरा शहर की ओर आने वाले सभी मार्गों पर पुलिसकर्मी मौजूद थे। मथुरा शहर के अंदर तमाम सड़कों के दोनों और बैरिकेडिंग की गई थी। लक्ष्मी नगर से कृष्णापुरी चौराहे तक बेरीकेडिंग थी। तो वहीं स्टेट बैंक चौराहे से डीग गेट तक बाजार बंद करा दिया और इस रास्ते में स्थित सभी मैरिज होम और होटलों के आगे बैरिकेड्स लगा दिये गये। इसके साथ ही भूतेश्वर और जन्म स्थान के निकट संचालित पेट्रोल पंपों के आगे भी बैरिकेडिंग कर दी गई।

