कानपुर में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद बोले-सीएमओ ईमानदार था इसलिये निलंबित हो गया

कानपुर में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए, पता चले किसकी जेब में क्या है। उन्होंने आगे कहा कि आर्थिक जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए किसके पास हैलीकॉप्टर कौन गरीबी में मर रहा यह भी जारी होना चाहिए।

0
113
लाजपत भवन में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन में बोलते सांसद चंद्रशेखर आजाद।

कानपुर। आजाद समाज पार्टी के प्रबुद्ध सम्मेलन में शामिल होने शहर आए भीम आर्मी प्रमुख, असपा के रा. अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि कानपुर का सीएमओ ईमानदार था इसलिये निलंबित कर दिया गया। सीएमओ को जातिसूचक गालियां दी गईं, उनको सिस्टम में आने का न्योता दिया गया, जब उन्होंने सिस्टम में आने से मना कर दिया तो उनको अपमानित करके हटा दिया गया। आधी सरकार उनकी तरफ है और आधी दूसरी तरफ है। उन्होंने कहा कि सीएमओ साहब अगर समाज के साथ रहेंगे तो आंख उठाने से पहले दूसरे लोगों को एक हजार बार चंद्रशेखर आजाद से लड़ना पड़ेगा।

मोतीझील के लाजपत भवन में आयोजित पार्टी के 7वें प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की शुरुआत मिशन गायक सुदर्शन यादव ने अपने गीत से की। सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं शुरू से कहता आया हूं कि जातीय जनगणना होनी चाहिए, इसके साथ ही आर्थिक आंकड़े भी जारी होने चाहिए। किसके पास कितना पैसा है, कितनी जमीन, कार, नौकरी, हेलीकॉप्टर हैं, कौन गरीबी में मर रहा है। इसकी भी जानकारियों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने 2027 में विधानसभा चुनाव के सवाल पर कहा कि पार्टी पूरे दम से चुनाव लड़ेगी, लेकिन चुनाव से पहले यूपी में जो गुंडाराज चल रहा है, उसे खत्म करना होगा। पंचायत चुनाव भी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। इसके लिए गांव–गांव में प्रचार किया जा रहा है।

बूथ व सेक्टर कमेटी के साथ भाईचारा कमेटी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिजली के निजीकरण व शिक्षामित्रों के संयोजन के लिए पार्टी आंदोलन करेगी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नगीना सांसद ने कहा कि कौशांबी में षड़यंत्र करके बेटियों के साथ अत्याचार किया गया। उनके लिए लड़ने वालों को जेल में डाला गया। उन्होंने कहा वह जल्द ही कौशांबी जाकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे और घटना की सीबीआई जांच कराने की भी मांग करेंगे। कानपुर के शताब्दी नगर में 50 झुग्गी झोपड़ियां जल गईं, लेकिन उनको मुआवजा नहीं दिया गया। इसकी भी लड़ाई लड़ी जाएगी।

अभी तो 11 सम्मेलन और बाकी हैं
चंद्रशेखर ने कहा कि सहारनपुर से अस्तित्व बचाव भाईचारा बनाव प्रबुद्ध सम्मेलन की शुरुआत हुई। अभी 11 सम्मेलन और होने हैं। जिसका उद्देश्य दलितो, पिछड़ो को उनका अधिकार दिलाना है। सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दलित, पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकार, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार पर डाका पड़ रहा है। प्रदेश में चाहे शिक्षामित्रो का समायोजन हो, शिक्षा भर्ती का मामला हो हर जगह कमजोर वर्ग पर अन्याय हो रहा है। मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चल रहा, उन पर गोलियां चलाई जा रहीं हैं। दलित, पिछड़ों को मार–मार कर लटकाया जा रहा है। उनकी बच्चियों की अस्मत पर हमला हो रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म हो रही है। ऐसे में कमजोरों के अस्तित्व बचाने, कमजोर वर्ग को जोड़ने, लोगों की समस्याओं को दूर करने और भविष्य की तैयारियों के लिए यह सम्मेलन आयोजित हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तोड़, कानपुर मुख्य मंडल प्रभारी रामगोपाल बाबू, मंडल प्रभारी धीरेंद्र कबीर, महानगर प्रभारी सुनील कुमार कोरी, बीएएसएफ मंडल प्रभारी अंकित कुमार, प्रदेश सहसंयोजक कौशल बाल्मिकी समेत अन्य लोग शामिल हुये।

अव्यवस्था पर कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
चंद्रशेखर आजाद ने कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था पर मंच से ही कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। कहा कि यदि सही से बर्ताव नहीं किया तो गेट खुला है बाहर भिजवा देंगे। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने आए हो इसलिये अव्यवस्था न फैलाओ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here