नरेंद्र मोदी भारत के तीसरी बार बने प्रधानमंत्री, जेपी नड्डा और शिवराज समेत 72 मंत्रियों ने ली शपथ

0
104
नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।

न्यूजलिंक हिंदी, दिल्ली। नरेंद्र दामोदर दास मोदी, यह शब्द दिल्ली की धरती से एक बार फिर गूंजा तो पूरे देश में मोदी समर्थक झूम उठे। रविवार को शाम सवा सात बजे नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ वह जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे पीएम बन गये जिसने लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त किया हो। पीएम मोदी के साथ राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान समेत 72 मंत्रियों ने भी शपथ ली। मोदी के मंत्रिमंडल में 30 कैबिनेट मिनिस्टर, 5 स्वतंत्र प्रभार मंत्री और 36 राज्य मंत्री बनाए गए हैं।

तीनों बार शपथ लेते फोटो।

https://x.com/ANI/status/1799792289008771481

राष्ट्रपति भवन में 7 देशों के लीडर्स के अलावा देश के फिल्म स्टार भी इस समारोह में पहुंचे। इनमें अक्षय कुमार, शाहरुख खान, विक्रांत मेसी और राजकुमार हिरानी शामिल हुए। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी उनके बेटे अनंत अंबानी भी मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुये।

 

नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में यूपी से 9 मंत्री

यूपी से राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी, लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने दूसरे नंबर पर शपथ ली।राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में मंत्री पद की शपथ ली। पीलीभीत से सांसद जितिन प्रसाद ने राज्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। महराजगंज से पंकज चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। मिर्जापुर से सांसद और अपना दल (सोनेलाल) की नेता अनुप्रिया पटेल ने राज्यमंत्री के रूप में मंत्री पद की शपथ ली। आगरा से सांसद एसपी बघेल ने राज्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली।  बदायूं से सांसद बीएल वर्मा ने राज्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। गोरखपुर के लोकसभा क्षेत्र बांसगांव से सांसद कमलेश पासवान ने भी राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

राजस्थान से 4 मंत्री मिले

राजस्थान को चार में 2 कैबिनेट, एक स्वतंत्र प्रभार और एक राज्य मंत्री मिले हैं। इसमें अलवर से सांसद भूपेंद्र यादव, जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) और भागीरथ चौधरी ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली। चौधरी पहली बार केंद्रीय मंत्री बने हैं।

मघ्यप्रदेश को 5 मंत्रियों का गिफ्ट

मोदी मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश से 5 चेहरों को जगह मिली है। इनमें 3 कैबिनेट और 2 राज्य मंत्री शामिल हैं। पहली बार शिवराज सिंह चौहान को मोदी के कैबिनेट में जगह मिली है। इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया और डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। जबकि दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है।

बिहार को मिले आठ मंत्री

बिहार के 8 सांसदों ने मंत्री पद की शपथ ली। इसमें जीतन राम मांझी, गिरिराज सिंह, ललन सिंह और चिराग पासवान ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं, नित्यानंद राय, रामनाथ ठाकुर, सतीशचंद्र दुबे और राज भूषण चौधरी ने राज्य मंत्री के पद की शपथ ली। बिहार से सबसे पहले हम सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद बाकी सभी सांसदों ने शपथ ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here