कानपुर। खांसी, जुकाम और बुखार को परिजन भूत-प्रेत बाधा समझ बैठे और घर पर तांत्रिक को बुला लिया। उसने करीब दो घंटे तक पूजा की इसके बाद शुद्धिकरण के नाम पर नवविवाहिता को कमरे में ले गया। अभिमंत्रित जल बताकर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। दूसरे दिन पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई तो परिजनों ने सचेंडी थाने पहुंचकर तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
चौबेपुर थानाक्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी बीते मई माह में सचेंडी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। नवविवाहिता के परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही उसे खांसी और बुखार की शिकायत थी। काफी इलाज के बाद भी आराम नहीं मिला। लोगों ने इसे ऊपरी बाधा बताया और तांत्रिक बृजेश यादव के बारे में जानकारी दी। परिजनों के अनुसार बीती 15 जुलाई को वह तांत्रिक को घर पर बुला लाए। तांत्रिक ने घर के बरामदे में करीब दो घंटे तक झाड़-फूंक और पूजन किया। इसके बाद बहू को स्नान कराकर लाने को कहा। फिर दो नारियल लाल व काले कपड़े में बांधकर शुद्धिकरण के लिए बहू को कमरे में ले गया। पीड़िता के अनुसार कमरे में तांत्रिक ने उसे पानी पीने को दिया। बताया कि यह अभिमंत्रित जल है। इसके बाद कुछ मंत्र पढ़ा और उसके चेहरे पर सफेद राख फेंकी। इसी के बाद वह बेहोश होने लगी। इसके बाद तांत्रिक ने उससे दुष्कर्म किया। होश में आने पर उसने धमकाया, कहा किसी को बताना नहीं। अगर बताया तो पूरे परिवार पर प्रेत बाधा दिखने लगेगी।
पीड़िता के अनुसार अगले दिन उसने परिजनों को आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर सचेंडी थाने पहुंचे और तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बृजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी तांत्रिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।