न्यूजलिंक संवाददाता। निकाय चुनाव को लेकर कानपुर में भाजपा के स्टार प्रचारकों का जमावड़ा लगा है। शनिवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक सम्मेलन में शामिल होने शहर आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कर्नाटक दौरे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश का यूपी से मोहभंग हो चुका है। सपा को कर्नाटक में कोई जानता नहीं है। ऐसा लगता है कि अखिलेश ने निकाय चुनाव में पराजय स्वीकार कर कर्नाटक चले गए हैं।
साकेतनगर के मंदाकिनी होटल में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह निकाय चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव का संखनाद है। यूपी की 80 सीटों को जिताने की आप पर जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस चुनाव को हल्के में मत लेना। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 13 मई को रिजल्ट आना है इस दिन सपा, बसपा, कांग्रेस चली गई। सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पहले चरण के बाद भाजपा का कमल खिल चुका है। उन्होंने कहा कि विरोधी तीनों पार्टियां एक ही चट्टे बट्टे की थालियां हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मेलन में सपा और बसपा का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि सपा का मतलब समाप्तवादी पार्टी और बसपा बिल्कुल समाप्तवादी पार्टी है, और कांग्रेस को तो कोई जानता तक नही है।
इसलिए, भाजपा का हर एक कार्यकर्ता प्रत्याशी बनकर घर-घर जाए और कमल का फूल खिलाये। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले चरण में सपा की साइकिल पंचर हो गई है। अब तो लोग उसका टायर, ट्यूब, सब कुछ लोग खोल कर ले जा रहे हैं। विपक्षी लोग किसी का भला नहीं चाहते, गुंडों के शरण दाता हैं, भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले लोग हैं। आप लोगों ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आईसीयू में भेज दिया है। इन्हें ऑक्सीजन देने की जरूरत नहीं है, इनका सूपड़ा साफ करना है। इसदौरान उन्होंने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने की भी अपील की। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जयप्रकाश कुशवाहा, मनोज राजपूत, संजय विश्वकर्मा, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या पटेल, सुनील बजाज, रमाकांत शर्मा,अनुभव कटियार, किरण निषाद, अरुण पाल, संजय कटियार, जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।