न्यूज़लिंक हिंदी। अनिल अंबानी की गिनती कभी देश के टॉप रईसों में होती थी, लकिन आज भारी कर्ज में डूबे उद्योगपति अनिल अंबानी के लिए लंबे समय बाद गुड न्यूज आई है।
उनकी कंपनी रिलायंस पावर के शेयरों में पिछले तीन दिन से अपर सर्किट लगातार लग रहा है। बुधवार को कंपनी का शेयर 5% तेजी के साथ 36.17 रुपये पर पहुंच गया जो इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर है। पिछले तीन दिन में इसके शेयरों में 15% तेजी आई है।
हाल में खबर आई थी कि गौतम अडानी की कंपनी अडानी पावर ने नागपुर में एक थर्मल पावर प्रोजेक्ट को खरीदने के लिए बातचीत भी शुरू की है। यह प्लांट विदर्भ पावर इंडस्ट्रीज का एक मुख्य हिस्सा है जो रिलायंस पावर की सब्सिडियरी है। इसके बाद से रिलायंस पावर के शेयरों में भारी तेजी दिख रही है।
इस तेजी के साथ ही रिलायंस पावर का मार्केट कैप लगभग 14,529.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है। रिलायंस पावर का आईपीओ जनवरी 2008 में आया था। इसका साइज लगभग 11,563 करोड़ रुपये का था। इसका इश्यू प्राइस 405–450 रुपये था।
इसे निवेशकों ने हाथों हाथ ले लिया था। इसे 70 गुना बोलियां भी मिली थी। लिस्टिंग के दिन यह 21% प्रीमियम के साथ 547.80 रुपये पर पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद इसने निवेशकों को निराश किया। 27 मार्च, 2020 को इसकी कीमत 1.13 रुपये ही रह गई थी। हालांकि पिछले चार साल में इसमें काफी तेजी आई है। पिछले एक साल में इसकी कीमत में 115 फीसदी की बढ़ोतरी आई है।

