न्यूज़लिंक हिंदी। ओडिशा के झारसुगुड़ा में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा नाव हादसा हो गया। एक नाव में करीब 50 लोग सवार थे, जो अचानक महानदी में जाकर पलट गई। मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है।
वहीं, अभी भी कुछ लापता हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग छत्तीसगढ़ के निवासी थे। मौके पर मौजूद टीम बचाव कार्य में लगातार जुटी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे भी दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यह जानकर दुख हुआ कि झारसुगुड़ा के पास महानदी नदी में एक नाव के पलटने से कई लोगों की जान भी चली गई।
ये हादसा उस समय हुआ जब नाव बरगढ़ जिले के अंबावोना ब्लॉक के अंतर्गत पथरसेनी के लिए जा रही थी। हादसे की जानकारी लगते ही राज्य के सीएम नवीन पटनायक ने मुख्य सचिव और एसआरसी को बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया गया है। मौके पर हवाई मार्ग से 5 स्कूबा ड्राइवर और 2 कैमरे भी भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं मिली हैं। वहीं, पीड़ित परिवारों को 4 लाख की आर्थिक मदद देने का ऐलान भी किया है। जानकारी के मुताबिक महानदी में जब ये हादसा हुआ तो नाव पर महिलाओं, बच्चों समेत करीब 50 लोग सवार थे। मछुआरों ने 40 से अधिक यात्रियों को बचा भी लिया, अन्य लोग अभी तक लापता हैं। सभी 8 मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

