न्यूज़लिंक हिंदी। ऑपरेशन अजय’ के हिस्से के रूप में आयोजित एक विशेष उड़ान से भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था आज सुबह युद्धग्रस्त इजरायल से सुरक्षित नई दिल्ली लौट आया। दो शिशुओं सहित 235 भारतीय नागरिकों को लेकर एक स्पेशल फ्लाइट शनिवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर उतरी। फ्लाइट ने स्थानीय समयानुसार रात 11:02 बजे उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने भारतीय नागरिकों की अगवानी की। फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के साथ उग्र संघर्ष के बीच ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत पहली चार्टर उड़ान, इजरायल से 212 भारतीय नागरिकों को लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी थी।
यात्रियों ने लगाया वंदे मातरम के नारे
शनिवार को 235 यात्रियों को लेकर इस्राइल से रवाना होने वाली भारतीय विमान में मौजूद सभी यात्रियों ने मिलकर वंदे मातरम के नारे लगाए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही विदेश राज्य मंत्री रंजन सिंह सभी यात्रियों से मुलाकात किए।

जारी रहेगा ऑपरेशन अजय
विदेश राज्य मंत्री रंजन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस्राइल से 235 भारतीय यात्रियों को वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि वहां करीब 18,000 भारतीय रहते हैं, जिन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए ऑपरेशन अजय जारी रहेगा।
बुधवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू करने का ऐलान
भारत सरकार ने बुधवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू करने की घोषणा की थी। विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘इजरायल से लौटने के इच्छुक हमारे नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए ‘ऑपरेशन अजय शुरू किया जा रहा है। विशेष चार्टर उड़ानें और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।’ विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा, ‘हम विदेश में हमारे नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।’

