न्यूज़लिंक हिंदी। जिले के शिक्षकों व शिक्षामित्रों के प्रशिक्षण भत्ते का भुगतान नहीं किया गया। प्रशिक्षण लेने वाले 2204 शिक्षकों शिक्षामित्रो को मिलने वाले भत्ते के करीब 15 लाख रुपए अभी तक बकाया है।
बकाया धनराशि की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूली शिक्षा महानिदेशक को पत्र भी भेजा है। बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षता से विकास के लिए शैक्षिक सत्र 2023-24 के अंतिम समय में जिले के 2610 परिषदीय स्कूलों में कार्यरत लगभग 7971 शिक्षकों व शिक्षामित्रों को चार दिवसीय गुणवत्ता शिक्षा संवर्धन प्रशिक्षण दिया गया था।
इस चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागी शिक्षकों व शिक्षामित्रों प्रशिक्षण भत्ते के तौर पर 680 रुपये का भुगतान किया जाना था लेकिन विभाग ने सिर्फ लगभग 5767 शिक्षकों को ही भत्ते का भुगतान किया।
2204 शिक्षक शिक्षामित्रों को प्रशिक्षण भत्ते का भुगतान नहीं किया गया। शिक्षकों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से भत्ते के भुगतान की मांग की लेकिन उनकी मांग को मुख्य रूप से अनसुना कर दिया गया।
अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल तिवारी ने स्कूली शिक्षा महानिदेशक को प्रशिक्षण भत्ते के भुगतान से लिए पत्र भी लिख कर भेजा है। बीएसए ने पत्र में 2204 शिक्षकों शिक्षामित्रों का 14.98 लाख रुपया प्रशिक्षण भत्ता बकाया होने का जिक्र भी किया है और इस धनराशि का भुगतान कराने का अनुरोध भी किया है।

