अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। आम श्रद्धालुओं के साथ वीआईपी, वीवीआईपी अतिथियों के आने का सिलसिला तेज हो गया है। जल्द ही सरयू के तट पर श्रद्धालु स्नान करने के साथ बोट से भ्रमण कर सकेंगे। नौका बिहार के लिए स्पेशल वोट को जल मार्ग से अयोध्या लाया गया है। जल्द ही इसके शुरू होने की उम्मीद है।
राम जन्मभूमि के सम्पूर्ण परिसर का लोकार्पण करने के लिए एक बार फिर नवंबर माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या आ सकते हैं। इस दौरान देश के प्रमुख अतिथियों को एक बार फिर आमंत्रित किया जाएगा। यह अतिथि सरयू तट पहुंचे व स्नान आदि के साथ नौका बिहार कर सके, इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए एक वीवीआईपी स्नान बोट व एक नौका बिहार बोट अयोध्या पहुंच गई है। जल पुलिस प्रभारी रुबे प्रताप ने बताया कि अतिथियों के लिए विशेष रूप से स्नान घाट और नौका बिहार के लिए स्पेशल बोट अयोध्या आया है।देश या विदेश के वीआईपी के स्नान करने के लिए खुलेगा। यह आम श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए नहीं होगा।
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उठा सकेंगे मजा
पर्यटन निगम द्वारा सरयू नदी में पानी में तैरता हुआ एक फ्लोटिंग रेस्टोरेंट भी तैयार किया जा रहा है। इसमें लगभग तीन से चार महीने और लगेंगे। संत तुलसीदास घाट के पास आधुनिक सुविधाओं से लैस 12 मीटर लंबे और 6 मीटर चौड़े रेस्टोरेंट को लगभग 3.50 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। इस पर लगभग 50 यात्री एक साथ बैठकर लाजवाब व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे। पर्यटन निगम के अधिकारी रवि कुमार बताया कि अभी इस योजना पर कार्य चल रहा है, कुछ माह में कार्य पूरा हो जाएगा। जिसके बाद श्रद्धालु लाभ ले सकेंगे।

