न्यूज़लिंक हिंदी। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता के घर बैठे नौकरी का झांसा देकर प्रतापगढ़ में सामूहिक रेप करने का मामला सामने आया है, आरोपियों ने नौकरी देने का झांसा देकर महिला को प्रतापगढ़ बुलाया था।
यहां विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद मोहनलालगंज इलाके में छोड़कर भाग गए, मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने घर के बाहर खंभे पर लगे पोस्टर पर नौकरी का विज्ञापन देखा था, पोस्टर में घर बैठे नौकरी करने की बात लिखी हुई।
इसके बाद महिला ने पोस्टर पर दिए गए फोन नंबर पर तुरंत संपर्क किया, इस दौरान फोन पर बातचीत करने वाले युवक ने महिला को नौकरी से जुड़ी कई जानकारियां भी दीं। युवक से बातचीत के दौरान महिला को भरोसा हो गया कि वह घर बैठे काम कर सकती है। इस पर ज्वाइनिंग से पहले कागजी कार्रवाई पूरा करने के लिए आरोपी ने महिला को प्रतापगढ़ स्थित दफ्तर आने को कहा।
इसके बाद महिला सात जनवरी को नौकरी की उम्मीद में प्रतापगढ़ के सगरा सुंदरपुर गई, फोन कर प्रतापगढ़ बुलाने वाले युवक और उसके साथियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद एक आरोपी महिला को कार में बैठाकर मोहनलालगंज इलाके बिंदौवा पहुंचा, वहां उसे कार से नीचे उतारकर भाग निकला। यहां बदहवास हालत में महिला ने डायल 112 को कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद मौके पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मोहनलालगंज कोतवाली प्रभारी आलोक राव के मुताबिक पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार अज्ञात युवक के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज किया गया है,पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महिला के कॉल करने पर पहली काॅल राकेश ने उठाई थी। राकेश से बातचीत करने के बाद महिला रोडवेज बस से प्रतापगढ़ पहुंची थी। जहां उसकी मुलाकात राकेश से हुई।
इसके बाद राकेश ने महिला को दो और लोगों के नंबर दिए और आगे की बातचीत करने के लिए महिला ने जब उनसे संपर्क किया तो उन्होंने महिला को एक अन्य पते पर बुलाया। जहां पहले से राकेश, पूर्णिमाकांत, दीपेश, अमित और कलश नमक शख्स मौजूद थे।
वह महिला को एक खाली मकान में लेकर पहुंचे और सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी, गैंगरेप करने के बाद महिला को कार में बैठाकर मोहनलालगंज इलाके में छोड़कर फरार हो गए।

